रोशय्या का मंत्रियों पर गुस्सा फूटा
हैदराबाद। अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से सख्त नाराज मुख्यमंत्री के रोशय्या ने आज उनकी जमकर खिंचाई करते हुए कहा कि सरकार चलाना सिर्फ मुख्यमंत्री की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि मंत्रियों का भी दायित्व बनता है। उन्होंने सहयोगियों से साफ पूछा कि आप मेरा सहयोग करेंगे अथवा नहीं? मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चलाने की जितनी जिम्मेदारी मेरी है, उतनी ही आप सबकी भी है, क्योंकि जब सवालों के जवाब देने की बारी आती है, तो अपनी जिम्मेदारियों से बचते हुए आप सब मुझे जवाब देने को बाध्य कर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यही स्थिति रही, तो सरकार कैसे चलेगी, क्योंकि अगले सप्ताह से विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है। उन्होंने मंत्रियों से सवाल किया कि क्या आप विधानसभा सत्र शांतिपूर्ण ढंग से चलाने में सहयोग देने को तैयार हैं या नहीं। अगर नहीं, तो वे कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी से प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की अपील करेंगे, क्योंकि इस स्थिति में वह विधानसभा सत्र चलाने में सक्षम नहीं हैं।
गौरतलब है कि रोशय्या विधानसभा बजट सत्र के लिए गत तीन दिनों से मंत्रियों को तैयार करते हुए रोजाना ११११ मंत्रियों के साथ सचिवालय में बैठकें कर रहे हैं। आज हुई आखिरी बैठक में मंत्रियों पोन्नाला लक्ष्मय्या, डीकेअरुणा, धर्मान प्रसाद राव, वट्टी वसंत कुमार, कन्ना लक्ष्मीनारायण, गल्ला अरुण कुमारी, आर वेंकट रेड्डी आदि ने भाग लिया।
बताया जाता है कि रोशय्या ने मंत्रियों से स्पष्ट कह दिया है कि सरकार के हटने पर यहां राष्ट्रपति शासन लागू हो जायेगा और स्वतः ही मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के पद छिन जायेंगे। उन्होंने सभी मंत्रियों से पूरी सूचना के साथ विधानसभा में आने को कहा। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने एकजुट होकर विपक्ष का सामना करने की हिदायत दी।सूत्रों के अनुसार दिवंगत मुख्यमंत्री डॉवाईएसराजशेखर रेड्डी के कार्यकाल में उनकी तारीफ करने वाले एक तेलुगु दैनिक की खबरें प़ढकर सुनाते हुए रोशय्या ने कहा कि यह अखबार साजिश के तहत सरकार की धज्जियां उ़डा रहा है। रोशय्या ने कहा कि अगर इन खबरों का आप (मंत्री) खंडन नहीं करेंगे, तो कौन करेगा। यहां तो आप सभी मंत्रियों की तरह काम करते हैं, लेकिन वहां (क़डपा के सांसद वाईएसजगनमोहन रेड्डी के पास) जाकर उनके अखबार में सरकार को निशाना बनाते हुए उसे कटघरे में ख़डा करने की साजिश रचते हैं। लगता है कि जैसे आप सभी उनका सहयोग दे रहे हैं, लेकिन यह भूल गये हैं कि आप भी सरकार में भागीदार हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बेबुनियाद खबरें छापकर उक्त अखबार विपक्षी दलों के अखबारों के मुकाबले ज्यादा आग उगल रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रोशय्या १४ फरवरी को आदिलाबाद व करीमनगर जिलों का दौरा करने वाले हैं, जहां वे थर्मल व गैस आधारित विद्युत उत्पादन इकाइयों का उद्घाटन करेंगे।
