छात्रों के साथ फिर ज्यादती
हैदराबाद। उस्मानिया विश्वविद्यालय में आज भी दो दिन पहले जैसे दृश्य देखे गये। आज टास्कफोर्स पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर में बैठक कर रहे छात्र नेताआें को बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेलंगाना स्टूडेंट ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेएसी) के नेताआें ने इस महीने की २० तारीख को विधानसभा का घेराव करने की तैयारियों के तहत आज विश्वविद्यालय के परिसर स्थित फैकल्टी क्लब में बैठक की। बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद टास्कफोर्स के सीआई रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों का एक दल आ धमका और पुराने मामलों का हवाला देते हुए जो हाथ लगे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का दौर चल ही रहा था कि पुलिस से बचने के लिए छात्र वहां से भाग ख़डे हुए। इसी क्रम में कुछ विद्यार्थी फैकल्टी क्लब भवन की छत पर च़ढ गये। इस दौरान छात्र नेताआें व टास्कफोर्स पुलिस के बीच खींचतान भी हुई। इसी क्रम में भवन की छत से लटकता हुआ चरण नामक छात्र गिरकर बेहोश हो गया। इसके अलावा सरयू (ई२) छात्रावास के लॉ कॉलेज के छात्र रमेश के सिर में और तेलुगु विभाग के शोध छात्र शरत के हाथ व पैरों में गंभीर चोटें आयीं। विद्यार्थियों ने बताया कि पुलिस ने पक़डने की कोशिश में उनके साथ धक्कामुक्की की।
गिरफ्तार छात्र नेताआें में राजाराम यादव, वेल्पुला कुमार, श्रीकांत राव, सुधाकर, दरवु येल्लन्ना आदि शामिल हैं। बाद में गिरफ्तार छात्र नेताआें को तत्काल रिहा करने की मांग पर जेएसी के तत्वावधान में सैक़डों छात्रों ने उविवि थाने के सामने स़डक पर बैठकर प्रदर्शन किया। इससे पहले विभिन्न कॉलेजों व छात्रावासों से होते हुए आट्र्स कॉलेज से थाने तक विशाल रैली निकाली गयी। रैली में शामिल छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर से पुलिस बलों को हटाने की मांग की तथा पुलिस व सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए थाने पर करीब चार घंटे तक धरना दिया। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय के कल के आदेश पर विशेष पुलिस बलों को उविवि परिसर से हटाने के बाद यहां छात्रों के विरोध कार्यक्रमों के मद्देनजर स्थानीय पुलिस व एपीएसपी के सुरक्षा बल तैनात किये गये थे। उविवि थाने के निकट स्थापित विशेष आउटपोस्ट के पास भी भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे और पुलिस ने उविवि के कैंपस में आवाजाही नियंत्रित कर दी थी।इस बीच, विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य टी तिरुपति राव ने गृहमंत्री पी सबिता इंद्रा रेड्डी से आज गिरफ्तार किये गये छात्र नेताआें को रिहा करने के आदेश देने का अनुरोध किया। आखिरकार पुलिस ने अपने अ़डयल रुख से पीछे हटते हुए गिरफ्तार छात्र नेताआें वेल्पुला कुमार, दरवु येल्लन्ना और सुधाकर को रिहा कर दिया, जिसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। हालांकि राजाराम यादव और श्रीकांत राव अभी भी पुलिस हिरासत में हैं।
विधानसभा का घेराव करने पर छात्र नेता द़ृढ
उधर, लाठी व गोलियों की मदद से आंदोलन के दमन को असंभव बताते हुए तेलंगाना स्टूडेंट ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेएसी) ने कहा है कि वह इस महीने की २० तारीख को विधानसभा को जरूर घेरेगी। जेएसी ने सरकार व पुलिस को चुनौती दी कि उनमें हिम्मत है, तो वे छात्र शक्ति को रोक कर दिखायें। समिति ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद विधानसभा को घेरने का ऐलान किया है।
आज रात यहां उस्मानिया विश्वविद्यालय थाने के पास मुख्य स़डक मार्ग पर विद्यार्थियों की गिरफ्तारी के विरोध में शुरू किये गये आंदोलन में विधानसभा के घेराव संबंधी पोस्टर का विमोचन किया गया। इस मौके पर छात्र नेताआें पी रवि, वंगपल्ली श्रीनिवास, बाल्क सुमन, मर्री अनिल, पुन्न कैलाशनेता आदि ने कहा कि आगामी संसदीय सत्र में पृथक तेलंगाना राज्य पर विधेयक पेश करने की मांग को लेकर इस महीने की २० तारीख की सुबह १० बजे एक लाख विद्यार्थियों के साथ आट्र्स कॉलेज से विधानसभा तक रैली आयोजित निकाली जायेगी और विधानसभा का घेराव किया जायेगा।
समिति ने उविवि परिसर में पूछताछ की
इस बीच, उस्मानिया विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों व संवाददाताआें पर पुलिस बलों के लाठीचार्ज की घटना की जांच के लिए नियुक्त जांच समिति के सदस्यों ने आज कैंपस में दूसरे दिन भी पूछताछ की।जांच समिति के सदस्यों पुलिस अधीक्षक बालाजी राव व पुलिस उपाधीक्षक प्रसाद सहित सात अन्य इंस्पेक्टरों की एक टीम ने आज उक्त लाठीचार्ज में घायल हुए विद्यार्थियों व संवाददाताआें से इस घटना से संबंधित बयान दर्ज किये। बाद में समिति के सदस्यों ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का भी जायजा लिया।
घायल छात्रों की मिजाजपुर्सी
लाठीचार्ज में घायल विद्यार्थियों का गांधी व उस्मानिया अस्पताल में जूनियर डाक्टरों रामकिशन, राम सिंह, प्रवीण, रमेश ने आज उस्मानिया विश्वविद्यालय के कावेरी, गोदावरी व कृष्णवेणी छात्रावासों में इलाज किया। इस बीच, एनयूआई के नेता सरोज रेड्डी, श्रीशैलम, सुदर्शन, बुच्चन्ना ने आंध्र महिला सभा अस्पताल में भर्ती विद्यार्थियों की मिजाजपुर्सी कर उनमें फल वितरित किये। मानव अधिकार फोरम के प्रतिनिधियों जीवन कुमार, माधवी, उषा की एक टीम ने लाठीचार्ज व फायरिंग की घटनाआें पर विद्यार्थियों व संवाददाताआें से विवरण जुटाया।उविवि कैंपस में आज लॉ कॉलेज व नगर में स्थापित कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों ने एलएलएम परीक्षा का बहिष्कार किया। परीक्षार्थी तेलंगाना के अनुकूल नारे लगाते हुए कैंपस स्थित लॉ कॉलेज के परीक्षा केंद्र से बाहर आ गये। कुछ विद्यार्थियों ने तो परीक्षा केंद्र में जाने में भी रुचि नहीं ली।
