प्रवीण महाजन की मौत
ठाणे। प्रमोद महाजन की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाये छोटे भाई प्रवीण महाजन की आज यहां अपराह्न ज्यूपिटर अस्पताल में मृत्यु हो गयी।
उल्लेखनीय है कि प्रवीण महाजन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन के छोटे भाई थे। अदालत ने प्रवीण को प्रमोद महाजन की हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनायी थी। प्रवीण महाजन का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण पैरोल पर छ़ोडा गया था और वह मस्तिष्क की नस फट जाने के कारण अस्पताल में कोमा में थे। प्रमोद महाजन को उनके ही छोटे भाई प्रवीण महाजन ने २२ अप्रैल, २००६ की सुबह उनके वर्ली स्थित घर में जाकर गोली मार दी थी। प्रमोद महाजन की हत्या के जुर्म में प्रवीण को १८ दिसंबर, २००७ को आजीवन कारावास की सजा सुनायी गयी थी और उन्हें नासिक जेल में बंद कर दिया गया था। सजा मिलने के तीन वर्ष बाद उन्हें १४ दिन के पैरोल पर छोडा गया था लेकिन जेल वापस जाने के दूसरे दिन उनको खराब स्वास्थ्य के आधार पर ठाणे के ज्युपिटर अस्पताल में १३ दिसंबर, २००९ को भर्ती कराया गया था। वह १३ दिसंबर, २००९ से आज तक अस्पताल में भर्ती थे और अंतत: आज उनकी मौत हो गयी। गोली लगने के बाद स्व प्रमोद महाजन को हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां १३ दिन जीवन और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद तीन मई, २००६ को उनकी मौत हो गयी। प्रवीण महाजन को २७ नवंबर, २००९ को बीमार पत्नी सारंगी महाजन को देखने के लिए १४ दिन के लिए पैरोल पर छ़ोडा गया था, लेकिन उन्होंने वापस जेल जाने के बाद उच्च रक्तदाब की शिकायत की थी, जिस पर उन्हें ठाणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रवीण को जब से अस्पताल में भर्ती कराया गया, वह कोमा में ही थे और आज शाम चार बजे उनकी मौत हो गयी।
ज्यूपिटर अस्पताल के डॉ बीडी पाठक ने कहा कि भर्ती होने के बाद से वह कोमा में थे और उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। प्रवीण के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे कपिल तथा वैशाली हैं। दोनों कॉलेज के विद्यार्थी हैं।
