आस्ट्रेलिया में भारतीय बच्चे की हत्या की आशंका
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया में घर से गायब होने के बाद मृत पाये गये तीन वर्षीय भारतीय बच्चे गुरशन सिंह की बहुप्रतीक्षित पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, जबकि आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रड ने इस मामले की तह तक जाने का प्रण किया। रड ने कहा, ‘यह वाकई एक भयानक वाकया है। आज सुबह मैंने खबरें देखीं। कल देर रात मैंने इसके बारे में सुना था।’
एएपी ने उनके हवाले से कहा, ‘इस देश में किसी भी अबोध बच्चे की मौत से हर कोई रुकने और इस पर सोचनेविचारने लगता है। यदि यह हत्या का मामला है, तो यह किसी नन्हे बच्चे की जघन्य हत्या से बदतर कुछ नहीं है।’ ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अधिकारी इसकी जांचप़डताल कर रहे हैं।हमें इसका पूरा भरोसा है कि अधिकारी इस मामले की तह तक जाएंगे।’ रड ने कहा कि विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ को इस बच्चे की मौत के बारे में बताया गया है। स्मिथ दोनों मुल्कों के संबंधों पर विचारविमर्श के लिए फिलहाल भारत में हैं। भारत सरकार की ओर से किसी प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर रड ने कहा, ‘फिलहाल यह मामला विदेश मंत्रियों के बीच उठा है, लेकिन इस नन्हें बच्चे की मौत से मैं चिंतित हूं।’ उन्होंने कहा, ‘इस मामले में तथ्य मिलने दीजिए, इस मामले को सुलझने दीजिए। यह ऐसी पहली मानव त्रासदी है। विदेश नीति के लिए भी यह झटका है। इससे निपटने दीजिए।’ रड की यह टिप्पणी तब आई है, जब पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम तीन साल के गुरशन सिंह चन्ना की मौत का सबब तय करने में नाकाम रहा है। चन्ना का शव गुरुवार को उसके घर से लापता होने के छह घंटे बाद मेलबर्न के उत्तरी उपनगर की एक स़डक पर से मिला था।
विक्टोरिया के पुलिस उपायुक्त सर केन जोन्स ने आज कहा, ‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि ल़डके के मातापिता से पूछताछ की जा रही है। जोन्स ने कहा, ‘इस समय किसी गवाह के सामने नहीं आने से हम हताश हैं। हमें विश्वास है कि कुछ प्रत्यक्षदर्शी आगे आकर इस संबंध में कुछ बतायेंगे।’ ऑस्ट्रेलियाई पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारतीय बच्चे का शव नीले जीन्स और भूरे टॉप में पूरे लिबास में मिला, लेकिन वह नहीं कह सकते कि उसकी मौत कैसे हुई। जोन्स ने कहा कि अभी तक यह निश्चित नहीं हो पाया है कि ल़डके की हत्या एक अवसरवादी अपराध है या कुछ और। उन्होंने कहा, ‘हम अभी इस समय कुछ भी नहीं जानते और मैं कोई कयास नहीं लगाना चाहूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट है कि बच्चे की मौत सामान्य कारणों से नहीं हुई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण के विषय में अभी हम सौ प्रतिशत कुछ भी नहीं कह सकते।’ गुरशन अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने के लिये आस्ट्रेलिया आया हुआ था और उसे इसी सप्ताह भारत लौटना था। गुरशन का शव उसके घर से ३० किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
इस बीच, विक्टोरिया के प्रधानमंत्री जॉन ब्रूम्बी ने तीन वर्षीय गुरशन सिंह चन्ना की मौत की ‘बेहद दुखी करने वाली’ घटना के बारे में भारतीय उच्चायुक्त सुजाता सिंह को अवगत कराया। ब्रूम्बी ने सिंह से कहा कि गुरशन की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए कोई कसर नहीं छ़ोडी जाएगी। विक्टोरिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें बीती रात इस मामले के बारे में बताया गया था। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार इस मामले से बहुत आहत हुआ है। ब्रूम्बी ने कहा, ‘किसी भी बच्चे की मौत भयानक हादसा होता है। यह हादसा सोच से परे है। हम आशा करते हैं कि इस अपराध की गुत्थी जल्द से जल्द सुलझा ली जाएगी।’ उन्होंने कहा कि इस वक्त यह जरूरी है कि लोग इस मामले में जल्दबाजी में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचें। विक्टोरियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलिस ने इस मामले को हत्या के मामले के रूप में सुलझाने का फैसला किया है और पुलिस उनके लगातार सम्पर्क में है।
