‘द हर्ट लाकर’ को छह आस्कर
लास एंजिल्स। बाफ्टा और गोल्डन ग्लोब समेत कई पुरस्कार अपने नाम करने वाली फिल्म ‘द हर्ट लाकर’ ने आस्कर में भी अपना दबदबा कायम रखा और जेम्स कैमरून की ‘अवतार’ को एक बार फिर पीछे छ़ोडते हुए सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित छह पुरस्कार अपने नाम किए।
इसके साथ ही ‘हर्ट लाकर’ की निर्देशक कैथरीन बिगेलो आस्कर पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला बन गयी हैं। सितारों से सजी रंगारंग शाम में कल आस्कर पुरस्कारों की घोषणा की गई।
इराक युद्ध पर बनी कम बजट की फिल्म ‘हर्ट लाकर’ ने भारीभरकम बजट वाली और दुनियाभर में कमाई के सभी रिकार्ड त़ोड चुकी फिल्म ‘अवतार’ से बाजी मारी और सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुनी गई। हर्ट लाकर की निर्देशक और जेम्स कैमरून की पूर्व पत्नी बिगेलो ने अपने शानदार निर्देशन के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार अपने नाम किया। ‘हर्ट लाकर’ को ओरिजनल स्क्रीनप्ले, फिल्म एडिटिंग और मिक्सिंग के लिए भी पुरस्कार मिले। बहुचर्चित एनिमेशन फिल्म ‘अवतार’ केवल तकनीकी श्रेणी में ही तीन पुरस्कार जीत पाई। उसे ये पुरस्कार विजुअल इफेक्ट, सिनेमेटोग्राफी और कला निर्देशन के लिए मिले। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जेफ ब्रिजेज को ‘क्रेजी हार्ट’ में एक शराबी गायक की भूमिका के लिए मिला।
इससे पहले भी वह चार बार आस्कर के लिए नामांकित हुए, लेकिन यह पहली बार है, जब यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें मिला। आस्कर मिलने के बाद उन्होंने इसके लिए अपने दिवंगत मातापिता का धन्यवाद किया।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार सेंड्रा बुलाक की झोली में गया। उन्हें ‘द ब्लाइंड साइड’ में दमदार अभिनय के लिए यह पुरस्कार मिला। अब तक रोमांटिक कामेडी भूमिकाआें के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली बुलाक ने पहली बार एक मां की गंभीर भूमिका निभाई, जो अनाथ ल़डके को पालती है और उसे कामयाब फुटबाल खिल़ाडी बनाती है।
