मिलान। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विजेंदर कुमार और जय भगवान के बाद एक और भारतीय मुक्केबाज विश्व बाक्सिंग चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गया है। 81 किलो ग्राम भार वर्ग में दिनेश कुमार भी अपना मुकाबला जीत कर अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया है। लेकिन एक अन्य भारतीय मुक्केबाज टी ननाओ सिंह का लाइट फ्लाईवेट [48 किग्रा] में अभियान थम गया।
पहले ही अंतिम 16 में जगह बना चुके विजेंदर की राह पर चलते हुए दिनेश ने चेक गणराज्य के व्लादिमिर रेजनिकेक को 15-7 से हराया। विश्व कप कांस्य पदक विजेता 22 वर्षीय दिनेश को पहले दौर में बाई मिली थी। मुख्य कोच गुरुबख्श सिंह संधू ने कहा कि दिनेश ने बढि़या प्रदर्शन किया, विशेषकर अपने पैरों पर उनका गजब का नियंत्रण था।
ननाओ को दूसरे दौर में थाईलैंड के पोंगप्रेयून केयो ने अंकों के आधार पर परास्त किया। ननाओ इटली के मिलान में चल रही विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप से बाहर होने वाले पांचवें भारतीय मुक्केबाज बन गए। यह 18 वर्षीय एशियाई रजत पदक विजेता अपने दूसरे सीनियर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में शिरकत कर रहा था। उसे मिलान में बीती रात केयो से 4-16 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
केयो ने इससे पहले एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में इस भारतीय को हराया था। वह शुरू से ही बाउट पर अपना नियत्रंण बनाए था और शुरुआती राउंड में उसने 4-1 की बढ़त बना ली। इस भारतीय को अपने से ऊंचे कद के मुक्केबाज से कड़ी चुनौती मिल रही थी और इस कोरियाई ने दूसरे राउंड में 10 अंक बनाए। यह विशाल बढ़त बनाने के बाद केयो ने तीसरे और अंतिम राउंड में आसानी से जीत दर्ज की।
