रोशय्या ने पवार को पत्र लिखा
हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन व अन्य तीन मैचों को हैदराबाद से हटाने के फैसले से खफा खेल मंत्री कोमटी रेड्डी वेंकट रेड्डी ने आज कहा कि स्थानीय फ्रेंचाइजी डेक्कन चार्जर्स टीम को १२ मार्च से शुरू होने वाले इस ट्वेंटी२० टूर्नामेंट का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आईपीएल के उद्घाटन व अन्य तीन मैचों का आयोजन नगर में नहीं हुआ, तो डेक्कन चार्जर्स को टूर्नामेंट में नहीं खेलना चाहिए।
उधर, मुख्यमंत्री केरोशय्या ने आज आईपीएल मैचों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी जरूरी सहयोग का आश्वासन देते हुए भारत क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार से ट्वेंटी२० आयोजकों कोमनाने की अपील करते हुए कहा कि टूर्नामेंट का आयोजन पूर्व कार्यक्रम के मुताबिक ही होना चाहिए। रोशय्या ने आज पवार को पत्र लिखा कि आईपीएल३ के उद्घाटन मैच को शहर से हटाने के फैसले से यहां के क्रिकेट प्रशसंक काफी आहत हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में आश्वस्त किया कि तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति (टीजेएसी) ने आईपीएल के मैच शहर में कराने के लिए पूरा समर्थन देने का वादा किया है। रोशय्या ने पत्र में लिखा कि आईपीएल की संचालन परिषद का उद्घाटन मैच हटाने के फैसले से क्रिकेट प्रशंसक काफी निराश हो गये हैं। उन्होंने कहा कि मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने के लिए कहता हूं, जिससे आईपीएल३ के मैच हैदराबाद में आयोजित कराये जायें।
इधर, खेल मंत्री कोमटी रेड्डी ने आज यहां संवाददाताआें से कहा, ‘हैदराबाद में कऱोडों क्रिकेट प्रेमी हैं। हमारे पास विश्वस्तरीय स्टेडियम (राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम) है। उन्होंने आईपीएल उद्घाटन मैच का स्थान बदलकर आंध्र प्रदेश का अपमान किया है। सरकार को भी डेक्कन चार्जर्स से आईपीएल का बहिष्कार करने के लिये कहना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘वह निजी टीम है, लेकिन जो भी हो, उससे आग्रह किया जा सकता है या उसे आदेश दिया जा सकता है कि उन्हें आईपीएल में नहीं खेलना चाहिए।’
कोमटी रेड्डी ने बताया कि उन्होंने हैदराबाद में होने वाले सभी आईपीएल मैच कराने के लिए शरद पवार को एक पत्र भी लिखा है। खेल मंत्री ने बताया कि नगर में आईपीएल के मैच करवाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी तथा केंद्रीय गृहमंत्री पीचिदंबरम पर भी दबाब डाला जायेगा।
गौरतलब है कि गत माह आईपीएल ने तेलंगाना आंदोलनकारियों की धमकी के बाद १२ मार्च को यहां डेक्कन चार्जर्स व कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले उद्घाटन मैच को मुबंई स्थानांतरित कर दिया था। शरद पवार को भेजे गये अपने पत्र में कोमटी रेड्डी ने कहा कि आईपीएल प्रबंधन द्वारा हैदराबाद में खेले जाने वाले उद्घाटन व अन्य मैचों के स्थानांतरित करने से आंध्र प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को घोर निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि तेलंगाना आंदोलन को देखते हुए आईपीएल ने यह फैसला लिया हो, लेकिन तेलंगाना जेएसी ने भी हैदराबाद में मैच आयोजित होने पर पूरा सहयोग देने का वादा किया है। इसके अलावा प्रदेश पुलिस विभाग ने भी आईपीएल टी२० मैचों के आयोजन को मंजूरी देते हुए पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है।कोमटी रेड्डी ने कहा कि नगर के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में विश्वस्तरीय सुविधाएं मौजूद हैं और हालिया दौरे पर यहां की पिच की तारीफ सुनिल गावस्कर से लेकर रिकी पोंटिंग तक कर चुके हैं। उन्होंने पवार से व्यक्तिगत तौर पर इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए चारों मैचों नगर में करवाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘तेलंगाना क्षेत्र से खेल मंत्री होने तथा प्रदेश सरकार की ओर से मैं आईपीएल अधिकारियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि यहां आयोजित होने वाले सभी मैचों के दौरान पूरी शांति रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।’इस बीच, हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने नगर से आईपीएल मैचों को हटाये जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज करायी है। पत्र में एसोसिएशन के अध्यक्ष जीविनोद ने कहा कि सुरक्षा कारणों से आईपीएल मैचों को हटाये जाने का फैसला काफी दुखद है। उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला लेने से पूर्व उन्हें सूचित करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि तेलंगाना जेएसी द्वारा लिखित आश्वासन देने के बावजूद यह फैसला लेना क्रिकेट प्रेमियों के लिए आघात है।
