तेलंगाना के १५ विधायकों ने इस्तीफा सौंपा
हैदराबाद पृथक तेलंगाना राज्य की मांग के मद्देनजर केंद्र सरकार की ओर से गठित बीएन श्रीकृष्णा समिति के कार्यक्षेत्र को खारिज करते हुए तेलंगाना क्षेत्र के १५ विधायकों ने आज विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। जिन विधायकों ने इस्तीफा दिया है, उनमें कांग्रेस के विधायक भी शामिल हैं।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के १०, कांग्रेस के दो, भाजपा, प्रजा राज्यम् और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के एकएक विधायकों ने आज विधानसभा अध्यक्ष एनकिरण कुमार रेड्डी से मुलाकात कर अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया। विधायकों ने कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य के गठन को लेकर केंद्र पर दबाव ब़ढाने के मकसद से उन्होंने इस्तीफा दिया है। कांग्रेस विधायक आर दामोदर रेड्डी ने संवाददाताआें को बताया, ‘हमने बिना किसी शर्त के इस्तीफा दिया है। उन्होंने (विधानसभा अध्यक्ष) हमसे व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की। हमने उनपर इस्तीफा स्वीकार करने का जोर डाला। हमें उम्मीद है कि अन्य विधायक भी आज शाम या कल तक इस्तीफा दे देंगे।’
बहरहाल, कल देर रात इस्तीफे की घोषणा करने वाले कांग्रेस के दो विधायक आज विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के लिए नहीं आये। कल से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने के बाबत पूछे जाने पर रेड्डी ने कहा कि कहा कि वे इसमें शामिल नहीं होंगे। टीआरएस विधायक और पार्टी अध्यक्ष केचंद्रशेखर राव के पुत्र के टी रामाराव ने कहा कि उनकी पार्टी अब लोगों के बीच जायेगी और पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार काम करेगी। सर्वदलीय तेलंगाना संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) ने कल विधायकों के इस्तीफे सौंपने का फैसला लिया था, ताकि केंद्र सरकार पर पृथक तेलंगाना राज्य के गठन को लेकर दबाव ब़ढाया जा सके।
