तेलंगाना समर्थक वकील २२ को संसद तक मार्च निकालेंगे
हैदराबाद। तेलंगाना क्षेत्र के करीब पांच हजार अधिवक्ता पृथक तेलंगाना राज्य के समर्थन में आगामी २२ फरवरी को संसद के समक्ष रैली निकालेंगे।तेलंगाना एडवोकेट्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी (टीएजेएसी) के संयोजक एमराजेंद्र रेड्डी ने संवाददाताआें से कहा कि विशेष ट्रेन से २० फरवरी को नई दिल्ली रवाना हो रहे वकील संसद में तेलंगाना राज्य के गठन के लिए एक विधेयक पेश करने के लिए तेलंगाना समर्थक राजनीतिक दलों और विधिक समुदाय को दिल्ली में संगठित करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘केंद्र सरकार द्वारा तेलंगाना समिति का गठन आंख में धूल झोंकने वाला है और संसद में विधेयक पेश करना समस्या का एकमात्र समाधान है।’
उन्होंने कहा कि २२ फरवरी को रैली निकालने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और उसी शाम जंतर मंतर पर धरना भी दिया जाएगा। बार काउन्सिल आफ इंडिया के सदस्य रेड्डी ने हिंसक बल के जरिए लोकप्रिय आंदोलन को दबाने का प्रयास करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।
उन्होंने तेलंगाना में विश्वविद्यालयों से सभी पुलिस बलों को तत्काल हटाने की मांग की। पत्रकार सम्मेलन में तेलंगाना संघर्ष और नारे को दर्शाते हुए एक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें ब़डी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ताआें ने हिस्सा लिया।
