‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ कहने पर बिफरे नागेंदर
हैदराबाद। स्वास्थ्य मंत्री दानम नागेंदर ने आज उस समय अपना संयम खो दिया, जब विधानसभा में माकपा विधायक जुलाकंटी रंगारेड्डी ने उन्हें ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ कह दिया। मंत्री के बिफरते ही तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सदस्य भी माकपा विधायक का समर्थन करने लगे, जिससे सदन शोरशराबे में डूब गया और अध्यक्ष किरण कुमार रेड्डी ने कार्यवाही १० मिनट तक के लिए स्थगित कर दी।
स्वास्थ्य मंत्री दानम नागेंदर द्वारा प्रश्नकाल के दौरान दिये गये एक उत्तर से असंतुष्ट माकपा विधायक जुलाकंटी रंगारेड्डी ने कहा कि मंत्री का उत्तर ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ जैसा है। रंगारेड्डी की उक्त टिप्पणी पर क़डा एतराज जताते हुए नागेंदर ने उन्हें आपत्तिजनक व्यवहार के लिए चेतावनी दी।
इस पर तेदेपा सदस्यों ने रंगारेड्डी का समर्थन करते हुए मंत्री से माफी मांगने की मांग करने लगे। विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे को देखते हुए अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी प़डी।जब सदन दोबारा एकत्र हुआ, तो रंगारेड्डी ने अपनी टिप्पणी वापस ले ली और कहा कि उन्होंने ये शब्द मजाकिया अंदाज में कहे थे। उनका मकसद मंत्री को ठेस पहुंचाना नहीं था। इस पर माकपा सदस्य को दी गयी अपनी चेतावनी वापस लेते हुए नागेंदर ने कहा कि वे कई बार टिप्पणियों को हल्के तौर पर ले चुके हैं, लेकिन वे भी इंसान हैं और इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सदस्यों को उनकी भावनाआें को भी समझने का प्रयास करना चाहिए।
