चित्तूर में स़डक हादसे में १० लोगों की मौत
चित्तूर। चित्तूर जिले के कार्वेटीनगर मंडल मुख्यालय के पास आज सुबह हुई एक स़डक दुर्घटना में १० लोगों की मौत हो गयी। मारे गये सभी लोग तमिलनाडु के शोलिंगर तातुका के पुदुरु कोत्तूरु आदि आंध्राव़ाडा के निवासी थे। यह दुर्घटना आज उस समय घटी, जब तेज रफ्तार के साथ जा रही एक लॉरी तीखे म़ोड के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रात करीब ७० लोग एक लॉरी से चित्तूर जिले के रामचंद्रापुरम मंडल के निलुपुराल्ल कम्मपल्ली गांव में एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए रवाना हुए। विवाह समारोह में भाग लेने के बाद सभी लोग उसी लॉरी से वापस लौट रहे थे। रास्ते में कार्वेटीनगर मंडल मुख्यालय से आधे किलोमीटर दूर एक म़ोड के पास लॉरी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी।
इस हादसे में १० लोगों की मौत हो गयी, जबकि १० अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों में सेेल्वराजू (५६), वेंकटेश (४५), पयणम्मा (५५), रामुलम्मा (३५), देवी (९), श्रवण (३०), वासु (२६), वेलु (३५), पयनम्मा (३२) तथा मुरुगन (४२) शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चित्तूर के आरडीओ सुब्रमन्येश्वर रेड्डी, पुलिस उपाधीक्षक रज्जाक तथा कार्वेटीनगर के तहसीलदार जयचंद्रा ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शवों को पुत्तुरु के सरकारी अस्पताल भेज दिया है।
