विधानसभा घेराव रैली में भाग न लें छात्र : खान
हैदराबाद। नगर पुलिस आयुक्त एकेखान ने छात्रों को प्रस्तावित ‘विधानसभा घेराव’ रैली में शामिल नहीं होने की सलाह देते हुए कहा है कि इससे उनका जीवन व भविष्य खतरे में प़ड सकता है।
संवाददाताआें को आज यहां संबोधित करते हुए एकेखान ने कहा कि पुलिस को खुफिया सूत्रों से खबर मिली है कि इस रैली में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों के छात्रों को नगर भेजा जायेगा। उन्होंने शिक्षकों, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधनों व अभिभावकों को आगाह किया कि वे अपने बच्चों को इस रैली में भाग न लेने दें, क्योंकि यह कानून का उल्लंंघन होगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस निर्दोष जनता और कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए क़डे कदम उठायेगी और यदि रैली में भाग लेने वाले छात्रों को गिरफ्तार किया जाता है, तो उनकी शिक्षा व भविष्य खतरे में प़ड सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस रैली की अनुमति नहीं दी गयी है और इसमें शामिल होने पर छात्रों को गिरफ्तार किया जा सकता है।
नगर पुलिस आयुक्त ने बताया कि रैली को देखते हुए यातायात व्यवस्था में कुछ परिवर्तन किये गये हैं, ताकि लोगों को दिक्कत न हो। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का क़डाई से पालन करने को कहा, ताकि वे जाम में न फंसे। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों के डीआईजी स्तर के आठ तथा एसपी रैंक के ३० अधिकारियों को यहां की यातायात व्यवस्था संचालित करने के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा जिलों से भी पुलिसकर्मियों को नगर बुलाया गया है और खुफिया विभाग को सतर्क कर दिया गया है।
एकेखान ने छात्रों से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों में लिप्त होकर खुद को मुसीबत में न डालें। उन्होंने कहा कि छात्रों को कानून व लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखनी चाहिए।
संवाददाता सम्मेलन में भाग लेने आये पत्रकारों ने गत दिनों उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस द्वारा मीडियाकर्मियों पर किये गये हमले के खिलाफ काले बैच पहन कर आये थे और कुर्सियों पर बैठने के बजाय फर्श पर बैठ कर अपना विरोध जताया।
