बजट भाषण का बहिष्कार करेंगे पत्रकार
हैदराबा। प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार यूनियनों ने कल विधानसभा में पेश होने वाले बजट भाषण का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।पत्रकारों को संबोधित करते हुए आज यहां इंडियन जर्नलिस्टस यूनियन के महासचिव केश्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि गत १४ व १५ फरवरी को उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस द्वारा पत्रकारों पर किये गये बर्बरतापूर्ण हमले की ओर जनता का ध्यान दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि आंध्र प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्टस, एपी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जर्नलिस्टस एसोसिएशन, एपी न्यूज फोटोग्राफर्स एसोसिएशन तथा एपी टीवी कैमरामैन एसोसिएशन द्वारा बारबार सरकार से अनुरोध करने के बावजूद भी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किये जाने के विरोध में बजट भाषण का बहिष्कार करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि फैसला लेने से पूर्व इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के प्रमुखों से विचारविमर्श किया गया था और उन्होंने भी यूनियनों का साथ देने का निर्णय लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केरोशय्या तथा गृहमंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी द्वारा पुलिस लाठीचार्ज की घटना पर अफसोस जताने के बावजूद दोषी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने के बजाय पत्रकारों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किये गये हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वीकार्य नहीं है और हम इस घटना के खिलाफ प्रदेश बजट का बहिष्कार करते हैं। श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि अगर सरकार उन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित करती है, तो वे इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज में २३ पत्रकार घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। इसके अलावा पुलिस ने पत्रकारों के १८ वाहन जलाये और आठ कैमरों को त़ोड डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझ कर ‘प्रेस’ स्टीकर वाले वाहनों को निशाना बनाया। पत्रकार यूनियनों ने महसूस किया है कि यह प्रेस की आजादी पर सीधा प्रहार है। उन्होंने प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रबंधन व संपादकों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
संवाददाता सम्मेलन में इंडियन जर्नलिस्टस यूनियन (आईजेयू) के सचिव केअमरनाथ, एपी यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्टस (एपीयूडब्ल्यूजे) के अध्यक्ष डीसोमसुंदर व महासचिव वाईनरेंदर रेड्डी, एपी इलेक्ट्रानिक मीडिया जर्नलिस्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदू जनार्दन व महासचिव सीक्रांति किरण तथा जी २४ गंटलु के प्रमुख आरशैलेश रेड्डी भी मौजूद थे।
