उर्वरक मूल्य वृद्धि पर विधानसभा में हंगामा
हैदराबाद। केंद्र सरकार द्वारा उर्वरक की कीमतों में की गयी वृद्धि को लेकर विपक्षी दलों ने आज विधानसभा में जमकर हंगामा किया। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री स्वडॉवाईएस राजशेखर रेड्डी के साले रवींद्रनाथ रेड्डी से संबंधित बतायी जा रही बालाजी मिक्सिंग उर्वरक इकाई पर भी आज विधानसभा में सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच गरमागरम बहस हुई। इसके चलते सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी प़डी।
सदन में हंगामा उस समय शुरू हुआ, जब विधानसभा अध्यक्ष एन किरण कुमार रेड्डी ने तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के केंद्र की कल उर्वरक के दाम ब़ढाने संबंधी घोषणा पर कार्यस्थगन प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी। इससे विपक्षी सदस्य उत्तेजित हो गये और सदन की कार्यवाही स्थगित कर उर्वरक मूल्य वृद्धि के मामले पर तुरंत बहस करवाने की मांग की, लेकिन रेड्डी ने व्यवस्था दी कि केंद्र के कदमों के बारे में सदन विचार नहीं कर सकता। हालांकि विपक्षी सदस्य विधानसभा अध्यक्ष के इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। सदन में हंगामे की स्थिति को देखकर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही १० मिनट के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई, तो मुख्यमंत्री डॉके रोशय्या ने अपने संक्षिप्त बयान में विपक्ष की चिंता पर सहमति जताते हुए सदन को भरोसा दिलाया कि वह केंद्र को इस बारे में लिखेंगे कि इससे किसानों पर बुरा असर प़डेगा।
