गरीबों के कल्याण हेतु नई योजनाओं पर विचार: सबिता रेड्डी
निजामाबाद। गरीब जनता के कल्याण के उद्देश्य से अमल में लायी जा रही योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच पा रहा है या नहीं, इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। इतना ही नहीं बल्कि गरीब जनता के कल्याण हेतु किस तरह के कार्यक्रम अमल में लाये जाये, इस विषय पर लगातार विचार विमर्श किये जा रहे है।
प्रदेश गृह मंत्री, निजामाबाद जिला प्रभारी मंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी ने मंगलवार को रेंजल मंडल केन्द्र में नवनिर्मित पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में गृहमंत्री श्रीमती रेड्डी ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब जनता एवं खासतौर पर महिलाओं के विकास की दिशा में अथक प्रयास कर रही है, इसके अंतर्गत ही विभिन्न परिस्थितियों के अनुरुप ही कार्यक्रम तैयार किये जा रहे है।
जिला प्रशासन द्वारा अभय हस्त योजना में ३६० लाख महिलाओं को सदस्य बनवाने के संदर्भ में श्रीमती रेड्डी जिला प्रशासन की सराहना भी की। उनका कहना था कि बैंक लिकेंज के तहत १२९० करोड के ऋण प्रदान करना काफी महत्वपूर्ण है।
उन्होने कहा कि सरकार ने जब २५ पैसे ब्याज पर ऋण वितरण की घोषणा की थी, तब विपक्षी दलो ने इसकी आलोचना करते हुये इसे असंभव बताया था लेकिन सरकार को इसे पूरा कर दिखाने का गौरव हासिल हुआ है। इतना ही नहीं बल्कि अब तक बिना ब्याज के ही ऋण प्रदान किये जा रहे है।
२५ पैसे ब्याज के तहत ५० करोड के ऋण प्रदान किये जाने की बात बताते हुये श्रीमती रेड्डी ने कहा कि अभयहस्त योजना के तहत बच्चों में तीन करोड की छात्रवृत्ति प्रदान की गयी है तथा ५५ करोड फिस रिइंबर्समेंट की सुविधा प्रदान की गयी है।
केन्द्र सरकार ने मजदूरों को काम मांगने का अधिकार प्रदान किया है तथा ईजीएस के दौरान काम करते हुये मौत का शिकार होने वालो के परिवार को मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। एक भी बूंद जल को व्यर्थ न होने देने की दिशा में जल यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
श्रीमती रेड्डी ने कहा कि प्राणहिताचेवेल्ला परियोजना को राष्ट्रीय स्तर दर्जा दिलाने की दिशा में प्रयास करने के साथसाथ तेलंगाना क्षेत्र को सस्यशामलाम बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाये जायेंगे।
उन्होने बताया कि तेलंगाना, आंध्रवाद की मांग को लेकर चलाये गये आंदोलनों के दौरान दर्ज ६०० मामले खारिज कर दिये गये है और कोई मामले शेष है तो न्यायिक तौर पर उनकी समीक्षा करते हुये खारिज करने की दिशा में कदम उठाये जायेंगे। मंत्री ने कहा कि पुलिस शाखा के जनता के करीब पहुंचने के प्रयास के दौरान ही यहां पुलिस स्टेशन उद्घाटन कार्यक्रम में मैंने भाग लिया।
अपने संबोधन में प्रदेश के सिंचाई मंत्री पीसुदर्शन रेड्डी ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विभिन्न कार्यक्रम अमल में ला रही है। महिलाओं को काम प्रदान कर उनके आर्थिक सुदृढीकरण हेतु बैंक लिकेंज से ऋण दिलाये जा रहे है। किसानों को समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक मंडल में २५ लाख की लागत से महिला भवन स्थापित किये जायेंगे। उन्होने बताया कि राजीव युवा किरण योजना द्वारा एक लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया जायेगा। जिलाधीश डीवरप्रसाद ने कहा कि महिला संघ की ३७५ लाख महिला सदस्यों में १२९० करोड के ऋण प्रदान किये गये है और इस आर्थिक वर्ष के दौरान ३७० करोड के ऋण बिना किसी ब्याज के वितरित किये जायेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने २३१ संघों में ६४१ करोड राशि के बैंक लिकेंज ऋण वितरित किये।
इस अवसर पर सांसद मधुयाशिकी गौड, विधायक अनिल, जेसी हर्षवर्धन, एजेसी श्रीराम रेड्डी, हैदराबाद रेंज डीआईजी राजीव रतन, निजामाबाद डीआईजी संजय, एसपी रामकृष्णय्या, आरडीओ सतीशचंद्र, कृष्णारेड्डी, वेंकटेशम,सरोजनी व अन्य ने भाग लिया। इससे पूर्व मंत्री ने एपीएसपी की सातवी बटालियन का निरीक्षण कर वहां पेयजल, स़डक, चिकित्सा सेवा उपलब्ध करवाने की दिशा में हामी भी दी।
