छात्रा को मिली तेलुगु में बात करने की सजा
विजयव़ाडा। यहां के एक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में शिक्षिका द्वारा अपनी कक्षा में तेलुगु में बातें करने वाली छात्रा के कप़डे उतरवा कर उसे अर्धनग्न ख़डे रहने की सजा देने के मामले ने आज तूल पक़ड लिया तथा अंतत: प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने मामले की जांच व शिक्षिका को निलंबित करने के आदेश देने के साथ ही मामले में प्रबंधन के दोषी पाये जाने पर स्कूल की मान्यता रद्द करने का आश्वासन भी दिया। विजयव़ाडा के सिंगनगर स्थित सेंट ऑन्स स्कूल (अंग्रेजी माध्यम) में कल घटी यह घटना आज उस वक्त प्रकाश में आयी, जब भुक्तभोगी छात्रा द्वारा घटना की जानकारी देने के बाद उसके अभिभावकों ने स्कूल में आकर स्कूल प्रबंधन से इस बारे में जवाब तलब किया।
पता चला है कि स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा मुनिस्वामी यामिनी ने कल बुधवार को जब कक्षा में अंग्रेजी की जगह तेलुगु में बात की, तो इससे गुस्साई कक्षा अध्यापिका सीमा ने छात्रा के कप़डे उतरवाये और अर्धनग्न कर कुछ देर के लिए बेंच पर ख़डे कर रखा, जिससे छात्रा ने सहपाठियों के सामने खुद को अपमानित महसूस किया। छात्रा ने स्कूल खत्म होने के बाद घर पहुंचते ही अपने मातापिता को इस घटना के बारे में बताया।
