दुकान से सोना चुराने वाले दो कर्मी गिरफ्तार
हैदराबाद । नगर के चारमीनार थानांतर्गत एक दुकान से १७ तोले सोना और १० तोले चांदी चुराकर फरार होने वाले दो कर्मचारियों को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से १४ तोले सोना और १० तोला चांदी बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी दीनबंधु की पुराने शहर के चेलापुरा में सोने के आभूषण बनाने की दुकान है। उसके यहां १५ लोग काम करते हैं।
बताया जाता है कि कुछ समय से पश्चिम बंगाल के दीपक (२२) और तपन (२१) भी यहां काम कर रहे थे। गत १४ फरवरी को सुबह पांच बजे दीपक और तपन दुकान से १७ तोले सोना और १० तोला चांदी चुराकर फरार हो गये। उन्होंने सिकंदराबाद स्थित एक दुकान में तीन तोला सोना बेचकर उससे मिले रुपये आपस में बांट लिये। दोनों ने उसी दिन मुंबई जाकर बचा सोना और चांदी बेचने का फैसला लिया, लेकिन जब मुंबई में किसी ने उनसे सोना नहीं खरीदा, तो वे कल वापस नगर लौट गये। इस बीच, पुलिस को आज इमलीबन बस स्टेशन में दीपक और तपन के होने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में दोनों ने सोना चुराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से १४ तोले सोना और १० तोला चांदी बरामद करने के साथ ही उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
