बंद नहीं होंगी वाईएसआर की कल्याण योजनाएं : डीएस
हैदराबाद। प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष डी श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि डॉवाईएस राजशेखर रेड्डी के शासनकाल में शुरू किये गये कल्याण कार्यक्रमों को बंद नहीं किया जायेगा। आज यहां संवाददाताआें से बातचीत में श्रीनिवास ने कहा कि कांग्रेस सरकार का पूर्व मुख्यमंत्री स्व वाईएसआर की कल्याण योजनाआें को बंद करने का कोई विचार नहीं है। कई योजनाआें को निष्प्रभावी तथा राजकोष पर बोझ बताने संबंधी योजना आयोग की राय के बारे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार खामियां दूर कर इस मसले को हल कर लेगी। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह मसले पर गौर करते हुए योजनाआें के लाभान्वित आम लोगों में विश्वास जगाये। उन्होंने कहा कि विकास के साथसाथ जनकल्याण भी सरकार की प्राथमिकता है।
तेलंगाना संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में डीएस ने कहा कि सरकार एक विशेष नीति के तहत काम कर रही है तथा जनसंख्या के एक ब़डे हिस्से की भलाई को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिये जायेंगे। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार व उपमुख्यमंत्री पद से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देने से इंकार कर दिया और कहा कि प्रदेश कांग्रेस समिति शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट न्यायमूर्ति बीएन श्रीकृष्णा समिति को सौंप देगी। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्रीनिवास ने कहा कि केवल तेलंगाना राष्ट्र कांग्रेस समिति (टीआरसीसी) ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति इस मुद्दे पर (समिति के समक्ष) अपने विचार प्रकट कर सकता है। पार्टी के सदस्यता अभियान को सफलतम करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि ३० लाख लोगों सदस्य बनाया जा रहा है। इस लक्ष्य को अब तक कोई भी अन्य राज्य नहीं छू सका है तथा प्रदेश के कई जिलों में तो लोगों की ओर से आशा से भी अधिक उत्साह व समर्थन मिल रहा है।
