विशाखपट्टणम स्थानांतरित नहीं होगा ईएफएलयू कैंपस : रोशय्या
हैदराबाद। मुख्यमंत्री डॉके रोशय्या ने आज स्पष्ट किया कि नगर स्थित अंग्रेजी व विदेशी भाषा विश्वविद्यालय (ईएफएलयू) के लिए नलगोंडा जिले के पोचमपल्ली में स्थापित किये जाने वाले कैंपस को विशाखापट्टणम स्थानांतरित नहीं किया जायेगा।
कैंपस को स्थानांतरित नहीं करने संबंधी तेलंगाना के जनप्रतिनिधियों की अपील के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने आज इस बारे में उच्चशिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा ईएफएलयू अधिकारियों से बात की। इस बारे में स्पष्ट विवरण देने संबंधी मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार बापय्या ने साफ किया कि पोचमपल्ली में बनने वाला कैंपस कहीं स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है, बल्कि ईएफएलयू का एक अतिरिक्त कैंपस विशाखपट्टणम में स्थापित करने का प्रस्ताव है।
प्रशासनिक बोर्ड में पोचमपल्ली में स्वतंत्र कैंपस स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, परंतु विश्वविद्यालय कानून के मुताबिक विश्वविद्यालय हैदराबाद नगर की परिधि में होना चाहिये और कुछ तकनीकी समस्याआें के कारण विश्वविद्यालय के मुख्य कैंपस की स्थापना पोचमपल्ली में नहीं किया जा रहा है और इसीलिए उसके लिए निधि आवंटित नहीं की गयी है। रजिस्ट्रार ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण लखनऊ व शिलांग स्थित स्वतंत्र कैंपस की तरह पोचमपल्ली में भी कैंपस स्थापित करने के लिए केंद्र से अनुमति मांगी गयी है और अनुमति मिलने के तुरंत बाद विकास कार्य शुरू करने के लिए यूजीसी से निधि मांगी जायेगी।
