राज्य में फिर से पैर जमाने की कोशिश में हैं नक्सली : डीजीपी
हैदराबाद। पुलिस महानिदेशक गिरीश कुमार ने कहा कि माओवादी एक बार फिर से प्रदेश में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे हैं।
आज यहां संवाददाताआें से बातचीत में गिरीश कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण पूर्वी गोदावरी जिले को माओवादी चरमपंथी अपने शस्त्रागार के रूप में इस्तेमाल करने की फिराक में हैं तथा पुलिस माओवादियों ऐसे ठिकानों को तलाशने का प्रयास कर रही है, जहां नक्सली अपने हथियार जमा कर रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि कुछ दिन पहले मुठभ़ेड में मारे गए माओवादी कोंडल रेड्डी को तकनीकी मामलों की काफी अच्छी जानकारी थी तथा उसने पुलिस अधिकारियों की तरह प्रशिक्षण लिया था। टेक मधु भी कोंडल रेड्डी का करीबी था। उन्होंने बताया कि प्रकाशम जिले में मुठभ़ेड में मारे गये शाखमूरी अप्पाराव के पास मिली डायरी में मौजूद सूचनाआें के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस महानिदेशक ने दो दिन पहले पश्चिमी गोदावरी स्थित तानुकू के एक मकान से बरामद हथियारों को मीडिया के सामने प्रदर्शित किया। पुलिस ने हथियारों और विस्फोटकों का एक ब़डा जखीरा बरामद किया था। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि नक्सलियों ने दो साल पहले इस गुप्त अड्डे पर कब्जा जमाया थाऔर इस बात से यहां के लोगों को ब़डा झटका लगा है कि उनकी गैरजानकारी में ही नक्सली उनकी नाक के नीचे अपना काम कर रहे थे।
उन्होंने जनता से पुलिस के साथ सहयोग करने तथा नक्सलियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी देने की अपील की और बताया कि राज्य में बरामद किया गया यह हथियारों और विस्फोटकों का यह दूसरा सबसे ब़डा जखीरा है, जिसमें राकेट लांचर व हथगाेेले भी शामिल हैं। पश्चिमी गोदावरी जिले में अपने अभियान के लिए नक्सलियों ने कई गुप्त ठिकाने बना लिये हैं। पुलिस अब उन ठिकानों की तलाश में जुटी है।
