ADVERTISEMENT

आपका वोट

क्या राहुल गांधी भ्रष्टाचार खत्म करेंगे?

  • सही
  • गलत
  • पता नहीं
और भी

फोटो दीर्घा

Share

तेलंगाना पर श्रीकृष्णा समिति को २२ को रिपोर्ट सौंपेंगे तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस विधायक

Swatantra Vaartha  Fri, 19 Mar 2010, IST

तेलंगाना पर श्रीकृष्णा समिति को २२ को रिपोर्ट सौंपेंगे तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस विधायक

हैदराबाद। पूर्व मंत्री राम रेड्डी दामोदर रेड्डी ने कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य गठित करने की मांग करते हुए तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व विधान परिषद सदस्य इस महीने की २२ तारीख को जस्टिस श्रीकृष्णा समिति को एक ज्ञापन सौंपेंगे। संबंधित रिपोर्ट बना ली गयी है तथा एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाकर श्रीकृष्णा समिति को उक्त ज्ञापन सौंपेगा। आज यहां विधानसभा स्थित काविद कार्यालय के पास एक संवाददाता सम्मेलन में दामोदर रेड्डी ने बताया कि जस्टिस श्रीकृष्णा समिति को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट में १९५६ से अब तक तेलंगाना क्षेत्र के साथ सभी क्षेत्रों में हुए अन्याय का विवरण देते हुए इससे संबंधित दस्तावेजी सबूत पेश किये जायेंगे। तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व विधान परिषद सदस्य शनिवार (२० मार्च) को एक बैठक करेंगे, जिसमें इस रिपोर्ट पर चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि तेलंगाना को पृथक राज्य बनाने की आवश्यकता व अन्याय का शिकार हुए विभिन्न मुद्दे श्रीकृष्णा समिति के समक्ष रखे जायेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रीकृष्णा समिति को सौंपे जाने वाले ज्ञापन व तेलंगाना राष्ट्र कांग्रेस समन्वय समिति (टीआरसीसीसी) की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट की मूल भावना में कोई अंतर नहीं होगा। दोनों अलगअलग रिपोर्ट हैं, लेकिन उनका उद्देश्य पृथक तेलंगाना राज्य के गठन ही है। ऐसे में रिपोर्ट की प्रस्तुति चाहे जैसी हो, उसमें मीनमेख निकालने की जरूरत नहीं है। दामोदर रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद को फ्री जोन के बजाय छठे जोन का दर्जा देने की मांग करने संबंधी प्रस्ताव का विधानसभा में पारित होना वस्तुत: तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस विधायकों की जीत है तथा यह प्रस्ताव पारित करने के लिए वे मुख्यमंत्री के रोशय्या के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हैं। फ्री जोन विवाद पर विधानसभा में पारित प्रस्ताव की वजह से आज के दिन को तेदेपा द्वारा ‘काला दिवस’ कहे जाने पर क़डी आपत्ति जताते हुए दामोदर रेड्डी ने कहा कि तेदेपा को यह स्पष्ट करना होगा कि ‘काला दिवस’ वाला बयान केवल कुछ पार्टी विधायकों की व्यक्तिगत राय है या पार्टी का नजरिया? उन्होंने तेदेपा प्रमुख नारा चंद्रबाबू नायुडू से फ्री जोन पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

आगामी उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी के चुनाव ल़डने संबंधी मसले पर उन्होंने कहा,‘इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा, लेकिन मेरी व्यक्तिगत राय यही है कि इस्तीफा दे चुके विधायकों के निर्विरोध चयन हेतु कोई भी चुनाव न ल़डे।’ इस अवसर पर उनके साथ विधायक गंड्रा वेंकटरमणा रेड्डी, राजय्या, आरेपल्ली मोहन आदि उपस्थित थे।

भगवान बालाजी के दर्शन हेतु सिंगापुर के राष्ट्रपति तिरुपति पहुंचे

तिरुपति, १८ मार्च (वार्ता)। सिंगापुर के राष्ट्रपति एस आर नाथन और उनका परिवार तिरुपति के प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन के लिए दो दिवसीय दौरे पर आज यहां पहुंचा। वे हैदराबाद से जेट एयरवेज के विमान से अपराह्न १ ३५ बजे रेनिगुंटा हवाई अड्डे पर पहुंचे। उनके साथ विदेश मंत्री बालाजी सदा सिवन भी यहां आये हुए हैं। चेन्नई में सिंगापुर के महावाणिज्य दूत मोहम्मद नूर बिन यूसुफ, कलेक्टर वी शेषाद्रि, पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) अग्मिरेड्डी और अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति स़डक मार्ग से तिरुमला मंदिर रवाना हो गए। वह रात में यहां ठहरेंगे और सुबह श्री वेंकटेश्वर मंदिर में आयोजित प्रार्थना में भाग लेंगे। यात्रा के मद्देनजर पुलिस ने तिरुमला मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

आपकी राय