दसवीं की परीक्षा के पहले दिन 101 परीक्षार्थी डिबार
हैदराबाद। दसवीं की परीक्षा के पहले दिन आज राज्यभर में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप ६४ परीक्षा निरीक्षकों तथा श्रीकाकुलम व कर्नूल जिलों के परीक्षा सुपरिटेंडेंट निलंबित कर दिये गये।
स्कूली शिक्षा आयुक्त पूनम मालकोंडय्या ने आज अपने चैंबर में सरकारी परीक्षा निदेशक प्रणोति सुहासिनी कावूरी की मौजूदगी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि महबूूबनगर जिले के सहायक परीक्षा आयुक्त जगदीश को सरेंडर कर रीकॉल किया गया है। विजयव़ाडा के इब्राहिमपट्टणम मंडल मुख्यालय स्थित सेंट जेवियर हाईस्कूल में परीक्षा केंद्र में मिक्किली प्रसन्न कुमार नामक नकली परीक्षा निरीक्षक का पता लगाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसी तरह के नकली परीक्षा निरीक्षकों का पता लगाने के लिए परीक्षा ड्यूटी में हर कर्मचारी को अपना पहचान कार्ड धारण करने का आदेश दिया गया है।दसवीं कक्षा की परीक्षाआें के पहले दिन आज प्रथम भाषा पेपर१ की परीक्षा में लगभग ६८,२५० परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। स्कूली शिक्षा आयुक्त ने बताया कि राज्यभर में १०१ विद्यार्थियों पर माल प्रैक्टिस के मामले दर्ज किये गये हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार परीक्षा शांतिपूर्ण रही। पूनम मालकोंडय्या ने बताया कि पहचान कार्ड नहीं पहनने, सेलफोन का इस्तेमाल करने, ड्यूटी में लापरवाही बरतने आदि कारणों से परीक्षा निरीक्षकों और सुपरिटेंडेंट को निलंबित किया गया है।
