युवकों को नशीली दवाएं देने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
हैदराबाद। खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताकर लोगों को धोखा देने व युवकों को नशीली दवाएं देने के आरोप में टास्कफोर्स पुलिस ने आज एक फर्जी डाक्टर को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक फर्जी डॉक्टरी प्रमाणपत्र सहित कुछ दवाइयां भी बरामद कीं।
टास्कफोर्स के अतिरिक्त डीसीपी एम रवींद्रनाथ बाबू के अनुसार दूधबावली के पालम रोड क्षेत्र निवासी अफजल अली बियाबानी (६२) उसी क्षेत्र में अफजल हेल्थकेयर के नाम से एक क्लिनिक चला रहा था। उसने ३० साल पहले बोर्ड ऑफ इंडियन मेडिसिन से आयुर्वेद आरएमपी का प्रमाणपत्र प्राप्त किया था और उसके बाद से एक क्लिनिक खोलकर प्रैक्टिस करने लगा। पिछले कुछ वषा] से वह खुद को एमबीबीएस डाक्टर बताते हुए दवाखाना चला रहा था। इसी क्रम में उसने युवकों को पेंटाजोसिन नामक नशीली दवा देनी शुरू कर दी।
इस संबंध में मिली विश्वस्त सूचना के आधार पर टास्कफोर्स पुलिस ने आज बियाबानी के दवाखाने पर छापा मारकर एमबीबीएस डाक्टर के नाम बनाये गए लेटर पैड और १०७ इंजेक्शन बरामद करने के साथ ही बियाबानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
