उपचुनाव में ज्यादातर सीटों पर जीतेगी कांग्रेस : विक्रमार्क
हैदराबाद। प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक मल्लु भट्टी विक्रमार्क ने विश्वास जताया कि तेलंगाना के १२ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव में ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार ही विजयी होंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी कि निजामाबाद अर्बन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी श्रीनिवास अधिक मतों से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि ११ विधानसभा सीटों पर तेलंगाना मुद्दे पर इस्तीफा देने वाले उम्मीदवारों के ही फिर से चुनाव जीतने संबंधी सांसद लग़डपाटी राजगोपाल के सर्वेक्षण पर उन्हें विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना उपचुनाव में अगर युवा सांसद वाईएसजगनमोहन रेड्डी प्रचार करते, तो कांग्रेस को और अधिक वोट मिलते।
आज यहां काविद कार्यालय में अपने सहयोगी सचेतकों साके शैजलानाथ, कोंड्रु मुरलीमोहन व वरिष्ठ विधायक एरासु प्रताप रेड्डी के साथ भट्टी विक्रमार्क ने कहा कि गत चुनाव में लग़डपाटी द्वारा कराया गया सर्वेक्षण वास्तविक परिणाम से कोसों दूर रहा था। लग़डपाटी ने सर्वेक्षण में जिन निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस की करारी शिकस्त होने की भविष्यवाणी की थी, वहां कांग्रेस ने भारी मतों के साथ जीत दर्ज की थी। भट्टी ने लग़डपाटी को सलाह दी कि अगर उनका सर्वेक्षण पार्टी को फायदा पहुंचाने वाला है, तो वह उसे सीधे पार्टी आलाकमान को भेज सकते हैं, लेकिन पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाली झूठी सूचना का प्रचार न करें। उन्होंने सलाह दी कि अगर लग़डपाटी अपनी सर्वे कंपनी बदल दें, तो बेहतर होगा।
भट्टी ने कहा कि यदि जगनमोहन रेड्डी तेलंगाना उपचुनाव के दौरान प्रचार किये होते, तो कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलतीं। जगन गुट के अंबाटी रामबाबू की इस टिप्पणी कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीश्रीनिवास या मुख्यमंत्री केरोशय्या की दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएसराजशेखर रेड्डी से कोई तुलना नहीं हो सकती, पर भट्टी ने कहा कि दो हस्तियों की तुलना करना ठीक नहीं है, क्योंकि हर एक के अलगअलग गुण होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में राजशेखर रेड्डी का व्यक्तित्व एक शिखर के समान है और उनकी मौत से हुए नुकसान की कभी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास व रोशय्या समर्थ नेता हैं। उन्होंने कहा कि रामबाबू की उक्त टिप्पणी पार्टी की नहीं, बल्कि उनकी निजी राय हो सकती है।
