सोमपेटा क्षेत्र से तैनात पुलिस बल को हटाये सरकार : भाकपा
हैदराबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रदेश सचिव डॉ के नारायण ने राज्य सरकार से श्रीकाकुलम जिले के सोमपेटा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को हटाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि सोमपेटा क्षेत्र में विद्युत परियोजना का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने फायरिंग की थी। उन्होंने राज्य सरकार से उम्र कैद की सजा की अवधि पूरी कर चुके कैदियों को गांधी जयंती के अवसर पर २ अक्टूबर को रिहा करने की भी मांग की।
आज यहां सचिवालय में मुख्यमंत्री के रोशय्या को इस संबंध में ज्ञापन सौंपने के पश्चात पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ नारायण ने कहा कि सोमपेटा के स्थानीय लोग उस क्षेत्र में निजी विद्युत परियोजना स्थापित किए जाने का क़डा विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार पुलिस का उपयोग कर स्थानीय लोगों को डराधमका कर जमीन पर कब्जा करने हेतु निजी विद्युत कंपनी की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों पर जबरन किए जा रहे कब्जे को तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोमपेटा विद्युत परियोजना के संबंध में लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य को अगले पांच वषा] में सिर्फ १६०० मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, लेकिन सरकार ने निजी विद्युत कंपनियों को लगभग ४४, ००० मेगावाट बिजली उत्पादित करने की अनुमति दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार विद्युत उत्पादन के नाम पर हजारों एक़ड उपजाऊ भूमि किसानों से छीन रही है। उन्होंने राज्य सरकार से राज्य में उत्पादित की जा रही बिजली पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।
