पर्यावरण मित्र गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
हैदराबाद। ब्लू क्रॉस की संस्थापक श्रीमती अमला अकिनेनी ने गैर सरकारी संगठन सुकुकी एक्सनोरा द्वारा हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एचएमडीए) के साथ मिलकर ग्रीनलैंड्स स्थित जीपुल्लारेड्डी भवन में पर्यावरण मित्र गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ११ सितंबर से शुरू होने वाले गणेश उत्सव के दौरान चिकनी मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाआे के उपयोग को प्रोत्साहन देना है।
आज यहां संवाददाताआे को संबोधित करते हुए अमला ने कहा कि पारंपरिक रूप से गणेश प्रतिमाआें को झीलों तथा अन्य जलस्रोतों की मिट्टी कुरच कर बनाया जाता था, जिससे जलस्रोतों की क्षमता ब़ढती थी। ११ दिनों के उत्सव के बाद गणेश प्रतिमाएं फिर से विसर्जन के बाद पर्यावरण प्रणाली का अंग बन जाती है। उन्होंने बताया कि चिकनी मिट्टी की प्रतिमाआें का विचार सतत् पर्यावरण परंपराआें को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ज़ुडा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण सुरक्षा के लिए अच्छी पहल है। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चे भी चिकनी मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाने तथा पर्यावरण मित्र प्रतिमाआें के बारे में जनता को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बीच, व्यवस्थापकों की योजना है कि नगर में ३७ केंद्रों पर ५० हजार गणेश प्रतिमाएं नाममात्र कीमत पर वितरित की जायें।
इधर, ‘प्रत्येक के लिए हैदराबाद पर्यावरण मानचित्र’ जारी करते हुए ग्रेटर हैदराबाद गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष जीराघव रेड्डी ने कहा कि यह मानचित्र पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रयासों के लिए विभिन्न मानदंडों को निर्धारित करता है।
इस अवसर पर सोमाजीग़ुडा संभाग के पार्षद महेश यादव तथा सुकाकी एक्सरोना के संयोजक मेजर शिव किरण भी उपस्थित थे।
