ADVERTISEMENT

आपका वोट

क्या राहुल गांधी भ्रष्टाचार खत्म करेंगे?

  • सही
  • गलत
  • पता नहीं
और भी

फोटो दीर्घा

Share

पाक से दुल्हन लेकर वादी पहुंचे यासीन मलिक

प्रथिनिदी   Mon, 7 Sep 2009, IST

श्रीनगर [जागरण संवाददाता]। बीस साल पहले वर्ष 1989 में जम्मू- कश्मीर लिबरेशन फ्रंट [जेकेएलएफ] के चेयरमैन मुहम्मद यासीन मलिक जिस पाकिस्तान से कश्मीर में हजारों लोगों का घर उजाड़ने वाली बंदूक लाए थे, रविवार को वहां से अपना घर बसाने के लिए दुल्हन लेकर आए।

कश्मीर में खूनी आतंक का पर्याय रहे जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट [जेकेएलएफ] के चेयरमैन मुहम्मद यासीन मलिक दोपहर को अपनी पाकिस्तानी दुल्हन मुशाल मलिक को लेकर श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरे। 42 वर्षीय यासीन मलिक ने इसी साल 22 फरवरी को पाकिस्तान निवासी मुशाल मलिक से निकाह किया था। कानूनी दिक्कतों और स्वास्थ्य कारणों से जेकेएलएफ कमांडर अपनी दुल्हन को साथ नहीं ला पाए थे। अलबत्ता, बीते माह वह अपनी दुल्हन को रुखसत कराने के पाकिस्तान गए थे और रविवार की दोपहर दो बजे के करीब वह अपने घर मैसूमा पहुंचे। एयरपोर्ट पर ही नहीं मैसूमा में भी लोग यासीन की दुल्हन को देखने के लिए बेकरार थे। मैसूमा में मलिक का घर खूब सजा हुआ था। मोहल्ले की औरतों ने पारंपरिक तरीके से कश्मीरी गीत गाकर दुल्हन का स्वागत किया।

मेरा प्यार तहरीक है व रहेगी

अगर कोई यह सोचे कि जेकेएलएफ के चेयरमैन यासीन मलिक मुशाल मलिक से शादी के बाद अलगाववादी सियासत को छोड़ अपनी गृहस्थी पर ज्यादा ध्यान देंगे तो वह गलत है। बकौल यासीन, मेरी शादी कश्मीर की आजादी के हमारे मिशन में कभी रुकावट नहीं बनेगी। अपनी दुल्हन के साथ वापस कश्मीर लौटे पूर्व आतंकी कमांडर ने कहा कि बेशक मैने प्रेम विवाह किया है, लेकिन कश्मीर की तहरीक और आजादी मेरा पहला प्यार है, जो बरकरार रहेगा।

मैं कश्मीर की तहरीक से मुंह नहीं मोड़ सकता। न मेरी शादी में इसमें किसी तरह रुकावट होगी। मलिक ने कहा कि जब मेरी बहनों की शादी हुई थी तो मैं उनमें शरीक नहीं हो पाया था। मैंने अपनी बहनों की विदाई के लिए तहरीक से मुंह नहीं फेरा था तो अब क्यों पीछे हटूंगा। अलबत्ता, एक खुशी है कि मेरी शादी में मेरा पूरा खानदान मौजूद है।

मलिक एक मजबूत शख्स: मुशाल

कश्मीर की पाकिस्तानी दुल्हन मुशाल मलिक ने कहा कि मैं आज यहां आकर बहुत ही खुश हूं। मुझे उम्मीद नहीं थी कि यहां मेरा इस तरह से स्वागत होगा। इट्स अनबिलवेबल। यासीन मलिक के बारे में पूछे जाने पर उसने कहा कि वह बहुत ही मजबूत आदमी है, मुझे मलिक से शादी पर गर्व है।

मीरवाइज को नहीं पसंद

मलिक की दुल्हन!

आल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के चेयरमैन मीरवाइज मौलवी उमर फारूक को शायद यासीन मलिक की दुल्हन पसंद नहीं है। यही कारण है कि वह मलिक से कुछ नाराज दिखे। सूत्रों की मानें तो मीरवाइज भी रविवार को किंगफिशर की उसी उड़ान से श्रीनगर पहुंचे, जिसमें मलिक और उनकी मल्लिका मुशाल मलिक आए। लेकिन मीरवाइज ने मलिक से न जहाज के भीतर कोई बात की और न एयरपोर्ट पर उतरने के बाद। वह एयरपोर्ट परिसर में मलिक से आगे-आगे चलते देखे गए। लेकिन उन्होंने एक बार भी मलिक की तरफ नहीं देखा।

आपकी राय