पटना। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राजद तथा उसके सहयोगी दल लोजपा ने बिहार की 18 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों को एक बड़ी चुनौती की तरह लिया है।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने रामगढ़ में लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान के साथ एक संयुक्त चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हम इस चुनाव को बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमारी तैयारियों की ओर बढ़ते एक कदम के तौर पर ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार सरकार सभी मोर्चो पर विफल हुई है।
लालू ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहे उन्होंने तथा पासवान ने राज्य के लिए उचित केंद्रीय मदद सुनिश्चित कराई थी। उन्होंने कहा कि लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब बिहार में कोई विकास नहीं दिख रहा है।
लालू ने आरोप लगाया कि दलितों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों तथा गरीबों के साथ कुमार के चार वर्ष के शासन के दौरान अत्याचार बढ़ा है। पासवान ने कुमार के समाज को महादलितों के नाम पर कथित तौर पर बांटने की आलोचना की। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार महादलितों पर बने आयोग की रिपोर्ट को बिना किसी विलंब के सार्वजनिक कर दे।
