सॉफ्टवेयर की पाइरेटेड डीवीडी बनाने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद। एक विश्वस्त सूचना के आधार पर सेंट्रल जोन आयुक्त टास्कफोर्स के अधिकारियों ने एक युवक को पाइरेटेड सॉफ्टवेयर तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह युवक प्रसिद्ध कंपनियों जैसे माइक्रोसॉफ्ट के आफिस एचपीविंडोज ७, नार्टन एंटी वायरस, मल्टीमीडिया, एसक्यूएल सर्वर, फोटोशॉप, विंडोज ७, पेजमेकर आदि सॉफ्टवेयर तैयार करता था। उसके पास से इस प्रकार की ८५ सीडी, एक कंप्यूटर तथा ५०० रुपये की नकदी बरामद की गयी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मंगतामली वासु उर्फ श्रीनिवास ने एमएस ऑफिस में डिप्लोमा किया था। उसने पाया कि ऑरिजनल सॉफ्टवेयर सीडी की कीमतें काफी ऊंची हैं और ग्राहकों की ओर से डुप्लीकेट सीडी/डीवीडी की काफी मांग है। तेजी से धन कमाने के लिए उसने वेंनलराव नगर में मकान का एक हिस्सा किराये पर लिया तथा डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर की सीडीडीवीडी तैयार करने के लिए एक कंप्यूटर लगा लिया। वह सॉफ्टवेयरों की मौलिक सीडी/डीवीडी खरीदता था तथा उन्हें अपने कंप्यूटर में डाउनलोड कर लेता और बाद में जाली सीडी/डीवीडी तैयार कर कम दामों पर जरूरतमंदों को बेचता था।
इस प्रकार उसने काफी धन कमाया। शुक्रवार को एक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के कार्यालय पर छापामार कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी तथा बरामद संपत्ति को एसआर नगर पुलिस थाने के एसएचओ को सौंप दिया गया है। आरोपी वासु (२६) क़डप्पा जिला के जम्मालमाडुगु का रहने वाला है।
