बच्चा ब़डा हो गया
शाहिद कपूर जब फिल्म इंडस्ट्री में अपनी किस्मत आजमाने मुंबई आए, तब उनकी उम्र बहुत कम थी और उनके पास संसाधन भी कम थे। आज के इस स्टार ने शुरुआती समय अंधेरी की म्हाडा कॉलोनी की एक चाल में गुजारा है। शाहिद के बेहद करीबी मामू उस दौर को याद करते हुए कहते हैं कि बरसात के दिनों में चाल की छत से पानी टपकता था। वह उसे लगातार साफ करते रहते थे। मामू शाहिद और उनके परिवार को तकरीबन ३० साल से जानते हैं और काफी समय से उनके साथ हैं।
पिछले दिनों जब शाहिद अंधेरी के ही एक स्टूडियो में शूटिंग करने पहुंचे तो मामू के साथ उनकी भी कई पुरानी यादें ताजा हो गईं। शाहिद के उन दिनों के साथियों को जब उनकी मौजूदगी का पता चला तो वह उनसे मिलने के लिए मचलने लगे। मगर उन्हें लग रहा था यह पुराना साथी, जो अब ब़डा स्टार बन गया है उनसे मिलेगा या नहीं ? मामू ने दोनों के बीच मध्यस्त की भूमिका निभाते हुए साथियों की बात शाहिद से बताई तो वह भी झट से उनसे मिलने पहुंच गए। शाहिद की इस अदा पर उनके दोस्तों ने झूमकर ‘ढन टणन’ गाना गाकर डांस किया। इस नाजुक पल में मामू ने कहा कि उनका बच्चा अब ब़डा हो गया है।
