निखरी निखरी नीतू
नीतू चंद्रा का रंगरूप निखर रहा है। उनकी खूबसूरती में चारचांद लग गए हैं। नीतू ने अन्य हीरोइनों की तरह प्लास्टिक सर्जरी नहीं करवाई है और न ही वे कोई स्पेशल ब्यूटी ट्रीटमेंट ले रही हैं। नीतू के नए निखरे रूप का राज है घर का खाना। जी हां, वे इन दिनों सिर्फ घर का खाना खा रही हैं। अपने फेवरेट रेस्टोरेंट में जाकर स्वादिष्ट भोजन करने का मन तो उनका खूब करता है, लेकिन वे अपने मन को मनाना जान गई हैं। तभी तो मुंबई के लोखंडवाला स्थित अपने घर के पास के रेस्टोरेंट मेनलैंड चाइना और इंडिगो से गुजरते वक्त अब उनके मुंह में पानी नहीं आता। दरअसल, ऐसा नीतू ने अपने वजन को लेकर किया है। नीतू ने नोटिस किया कि पिछले कुछ दिनों से घर का खाना खाने के कारण ही उनका वजन दस किलो कम हुआ है। वजन कम होने के कारण सुंदर लुक और अपने रूपरंग में आए निखार को वे बरकरार रखना चाहती हैं। इसीलिए उन्होंने ठान लिया है कि उनका मन चाहे जितना उन्हें बेचैन करे, वे तेल से बने और गरिष्ठ भोजन की ओर म़ुडकर नहीं देखेंगी। नीतू कहती हैं, आप जो खाते हैं, उसका असर आपकी पर्सनेलिटी पर प़डता है। अपने भाेेजन पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। आखिर, आपका पेट ही आपके दिमाग को रूल करता है।
