अब इंसाफ करेगी राखी सावंत
अपने ब़डबोलेपन के लिए मशहूर आइटम गर्ल राखी सावंत अब जल्दी एक नए रिएलिटी शो ‘राखी का इंसाफ’ में लोगों की व्यथा सुनती और उन्हें समाधान देती नजर आएंगी। उनका दावा है कि मुंबई में ब़ढती प्रवासियों की संख्या की समस्या से निपटने के लिए उनके पास महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे से बेहतर उपाय हैं।
मुंबई में बाहरी लोगों की ब़ढती संख्या की समस्या का उपाय पूछने पर वह कहती हैं, ‘मेरे शो में आइए, मैं समस्या का समाधान करूंगी । मैं हमारे मित्र राज ठाकरे से बेहतर ढंग से समस्या का समाधान करूंगी।’
इकतीस वर्षीय राखी ने इमेजिन टीवी के इस नए शो के प्रदर्शन के अवसर पर यह बात कही। इस शो में वह आम आदमी की समस्याएं सुलझाएंगी। वह कहती हैं कि उन्होंने मुंबई की कई समस्याआे के लिए आवाज उठायी है। वह खुद भी महाराष्ट्र की हैं। उन्होंने कहा, हमारे समाज में कई मुद्दे हैं। मैं पहले दिन से ही अपनी आवाज उठा रही हूं। मुझे मीडिया से बेहतर और कोई नहीं जानता। मैं स़डक निर्माण के लिए बीएमसी (बृहनमुंबई नगर निगम) कार्यालय में जबर्दस्ती घुस गयी थी। राखी मुंबई की शासन प्रणाली से चकित हैं और वह देश की वित्तीय व मनोरंजन राजधानी में अन्य राज्यों से आकर अपनी रोजीरोटी कमाने वालों के खिलाफ ठाकरे के विरोध से इत्तेफाक नहीं रखती। वह कहती हैं, अंगूठा छाप लोग बैठे हैं वहां। ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें समस्या ही नहीं पता। वे अपने दिमाग का इस्तेमाल ही नहीं करते । उन्होंने कहा, मैं राज ठाकरे की तरह यह नहीं सोचती कि उत्तर प्रदेश या बिहार या किसी भी अन्य जगह से मुंबई आने वाले लोग बाहरी हैं। यह देश और साथ ही सभी लोग भगवान के बच्चे हैं। मैं हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई में फर्क में विश्वास नहीं करती। हम सभी एक हैं और मुंबई हर किसी के लिए है। यहां हर कोई अपनी रोजीरोटी कमा सकता है।
