हैदराबाद में नौसेना का विमान गिरा
हैदराबाद। एयर शो के दौरान कलाबाजियां दिखा रहा भारतीय नौसेना का एक विमान आज यहां एक तीन मंजिली इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो पायलटों और जमीन पर मौजूद एक आम नागरिक की मौत हो गई। नौसेना ने एक वक्तव्य में कहा कि उसने २० किरण प्रशिक्षक विमानों के समूचे ब़ेडे को दुर्घटना के मद्देनजर हटा लिया है। ‘सागर पवन’ एरोबैटिक (हवा में करतब दिखाने वाले) टीम में शामिल किरण एमके२ विमान ‘इंडिया एवियेशन’ शो में भाग ले रहा था। यह दोपहर में ओल्ड बेगमपेट हवाई अड्डे से चार किलोमीटर दूर न्यू बोएनपल्ली में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नौसेना ने एक वक्तव्य में कहा कि कमांडर एसकेमौर्य और लेफ्टिनेंट कमांडर राहुल नायर के अतिरिक्त एक आम नागरिक की मृत्यु हुई है। पुलिस ने बताया कि दो आम नागरिक घायल भी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान अचानक गिर गया और उसके बाद एक जोरदार धमाका हुआ तथा मशरूम की आकृति का धुएं का गुबार निकलने लगा। यह दुर्घटना एयर शो की शुरुआत होने के महज १५ मिनट के भीतर हुई। उन्होंने कहा कि विमान भवन पर लगे मोबाइल फोन टावर से टकराया। इस घटना में टावर और पानी का एक टैंक ध्वस्त हो गया। भवन के निचले तल पर रहने वाले लोथ मल्लय्या ने कहा, ‘यह घूम रहा था और तब जाकर नीचे टकराया।’ इस दुर्घटना में इमारत क्षतिग्रस्त हो गयी है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा ने कहा कि पायलट को नहीं निकाला जा सका। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने हालांकि कहा कि एक पायलट ने बाहर निकलने की कोशिश की। वर्मा ने इस दुर्घटना के कुछ ही समय बाद कहा, ‘विमान अनियंत्रित हो गया,लेकिन दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।’
उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के लिए कोर्ट आफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं। इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाला यह एयर शो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
नौसेना अधिकारियों ने किरण ब़ेडे को हटाने के फैसले के बारे में कहा, ‘मानक संचालनात्मक प्रक्रिया (स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसिजर) के अनुसार विमान तब तक उ़डान नहीं भरेगा, जब तक कि दुर्घटना की जांच कर रही बोर्ड आफ इंक्वायरी इसे हरी झंडी नहीं दे देती।’ भवन के बगल में ख़डी एक मारुति कार विमान और भवन का मलबा गिरने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विमान के डैनों में से एक का कुछ हिस्सा भी वाहन पर गिरा। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। घायल भवन में रहने वाले लोग हैं।
अमेरिकी राजदूत टिमोथी जेरोमर भी इस दौरान वहां मौजूद थे। उन्होंने दोनों पायलटों की मृत्यु पर शोक जताया। पायलट मौर्य सुल्तानपुर के रहने वाले थे, जबकि सह पायलट दिल्ली निवासी थे।
साफ मौसम के बीच सुबह सवा ११ बजे शुरू हुआ हवाई करतब नागरिक उड्डयन शिखर सम्मेलन के उद्घाटन कार्यक्रम का हिस्सा था। इस दौरान अमेरिका और फ्रांस समेत अन्य देशों के प्रतिभागी भी मौजूद थे। इस विमान का निर्माण सरकारी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड ने किया था।
बचाव अभियान की निगरानी कर रहे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पायलटों के शव बुरी तरह जल गए हैं। इलाके में पाया गया एक पैराशूट वस्तुत: ठीक से नहीं खुला।
दुर्घटना के बाद इमारत से धुआं निकलते देखा गया। दमकलकर्मी अपने काम में लगे हुए थे। विमान के अवशेषों से ईंधन को टपकते देखा जा रहा था। पुलिस ने बताया कि इमारत की तीसरी मंजिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर जुट गई लोगों की भ़ीड को वहां से हटाया और इलाके की घेराबंदी कर दी। साल २००३ में बने सागर पवन दल ने इससे पहले १९ फरवरी को गोवा में करतब दिखाया था। यह दुनिया के सिर्फ दो नौसैनिक एयरोबैटिक दल में से एक है। दूसरा दल अमेरिकी नौसेना का ‘ब्लू एंजिल्स’ है।
