अगले माह जिलेवार दौरा शुरू करेगी श्रीकृष्णा समिति
हैदराबाद। पृथक तेलंगाना मुद्दे पर गठित पांच सदस्यीय श्रीकृष्णा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्रीकृष्णा ने आज कहा कि समिति के सदस्य विभिन्न वगा] के लोगों के विचार जानने के लिए अप्रैल की शुरुआत में जिलावार दौरा शुरू करेंगे। इस दौरे में समिति विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताआें से बातचीत कर उनके विचार भी जानेगी। न्यायमूर्ति श्रीकृष्णा ने कहा कि गत ९ दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने दिल्ली में तेलंगाना मसले पर प्रक्रिया शुरू होने की बात कही थी, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने का अर्थ कल ही राज्य का विभाजन करना नहीं है।
चिदंबरम की पहली घोषणा में कुछ शब्दों का गलत अर्थ निकाले जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार देेते हुए उन्होंने कहा कि इस गलत प्रचार की वजह से ही विभिन्न पार्टियों में भ्रम की स्थिति है।
समिति के दो दिवसीय दौरे की समाप्ति के बाद न्यायमूर्ति श्रीकृष्णा ने संवाददाताआें से कहा कि वे राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन द्वारा कल दिये गये प्रीतिभोज में सभी मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के नेताआें से मिले थे और उनसे परिचय किया था। न्यायमूर्ति ने बताया कि इस दौरान उन्होंने इन नेताआें से राजनीति पर बातचीतनहीं की तथा केवल आपसी संबंध घनिष्ठ करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, ‘हम अपने अप्रैल माह के दौरे के दौरान राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे तथा उक्त दूसरे दौरे के दौरान ही राजनेताआें सहित सभी पक्षों से बातचीत करेंगे।’ मीडिया ने जिस तरह उनके दौरे को तव्वजो दी, उससे वे संतुष्ट नजर आये। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति अपने कार्यक्षेत्र की सीमाआें का पालन करेगी तथा इसे ध्यान में रखकर ही अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
समिति के सदस्य सचिव विनोद के दुग्गल ने कहा कि समिति हैदराबाद में अपना स्थायी कार्यालय स्थापित करने की नहीं सोच रही है। दिल्ली में तथा हैदराबाद दोनों जगह कार्यालय रखने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार ने समिति के दौरे के दौरान हैदराबाद में सार्वजनिक सुनवाई के लिए जुबली हॉल उपलब्ध कराने पर अपनी सहमति दे दी है। उन्होंने कहा, ‘यदि हमें कम लोगों से मिलना होगा, तो लेक व्यू गेस्ट हाउस में ही मिल लेंगे। यदि हमें ब़डे प्रतिनिधिमंडल से भेंट करनी होगी, तो हम जुबली हॉल का उपयोग करेंगे। न्यायमूर्ति श्रीकृष्णा ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि हैदराबाद में समिति का कार्यालय रखने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि समिति के चार सदस्य दिल्ली में रहते हैं तथा वे स्वयं मुंबई में।
रोशय्या ने श्रीकृष्णा से भेंट की
इससे पूर्व, आज प्रात: मुख्यमंत्री डॉके रोशय्या ने लेक व्यू गेस्ट हाउस में समिति के चेयरमैन तथा सदस्यों से भेंट की तथा लगभग १५ मिनट उनके साथ बिताये। इस भेंट के दौरान क्या बातचीत हुई, इस बारे में सरकारी तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने समिति को आंक़डे संबंधी सभी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि वे अपने काम के लिए जुबली हॉल, एमसीआरएचआरडी सहित किसी भी स्थल का उपयोग कर सकते हैं।इस बीच, तेलंगाना अधिवक्ता जेएसी के सदस्यों ने लेक व्यू गेस्ट हाउस, जहां समिति के सदस्य ठहरे हुए हैं, को घेरने का प्रयास किया तथा समिति के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बोलारम पुलिस थाने भेज दिया।
