निर्माणाधीन इमारत ढही, 13 की मौत
हैदराबाद। नगर के नारायणग़ुडा फ्लाईओवर के निकट आज दोपहर एक पांच मंजिला निर्माणाधीन भवन के ढह जाने से वहां काम कर रहे कम से कम १३ लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। मलबे के नीचे कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी तथा ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जेएचएमसी) के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत दल, क्यूआरटी तथा कमांडो टीम राहत काया] में जुट गयी है। भवन के सामने की ओर ढहने से एक ब़डा खतरा टल गया, क्योंकि उसके सटे स्कूल पर गिरने से ब़डे पैमाने पर जानमाल का नुकसान होता। प्रदेश सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेंहदीपट्टणम क्षेत्र निवासी जमीलुद्दीन नारायणग़ुडा फ्लाईओवर के निकट स्थित ब्रिलियंट ग्रामर स्कूल से सटे अपने पुराने भवन के पुराने पिलरों पर ही पांच मंजिला भवन का निर्माण करवा रहा था। उसने अपने एक रिश्तेदार बिल्डर को भवन निर्माण का ठेका दिया था। आरोप है कि भवन मालिक व बिल्डर जीएचएमसी के नियमों का उल्लंघन करते हुए घटिया किस्म की सामग्री से भवन का निर्माण करवा रहे थे। सूत्रों के अनुसार यह निर्माण कार्य संबंधित टाउन प्लानिंग व अन्य अधिकारियों को ‘खुश’ करके किया जा रहा था। वाचमैन मल्लय्या की निगरानी में आज छह महिलाआें सहित १३ मजदूर पांचवीं मंजिल पर साइड वॉल का निर्माण कर रहे थे।
