पिएं लेकिन रखें ख्याल
अल्कोहल का सेवन किया जाए या नहीं, इस पर विशेषज्ञ एकमत नहीं हैं पर विशेषज्ञ यह अवश्य मानते हैं कि अल्कोहल की थ़ोडी मात्रा का सेवन जहां आपको स्वास्थ्य लाभ देता है वहीं इसकी अधिक मात्रा आपके स्वास्थ्य को बिग़ाड कर आपकी जिंदगी को छोटा कर देती है। कई शोधों से यह सामने आया है कि सीमित मात्रा में इसका सेवन हृदय रोगों की संभावना को कम करता है। फ्रांस में लोग अधिक वसा युक्त आहार लेते हैं पर साथ में रेड वाइन का भी सेवन करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि शायद यही कारण है कि जहां यूरोपियन और अमेरिकन लोग अधिकतर हृदय रोगों का शिकार होते हैं वहीं फ्रेंच इनकी तुलना में हृदय रोगों के कम शिकार होते हैं। अध्ययनकर्ताआें ने जब यह जानने की कोशिश की कि रेड वाइन में ऐसा क्या है तो उन्हें इसमें पाए जाने वाले प्राकृतिक रसायन एंटीऑक्सीडेंट फ्लेवोनाइड्स के बारे में पता चला।
एंटी आक्सीडेंट फ्लेवोनाइड्स रक्त में बुरे कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल के स्तर को ब़ढाता है। अच्छा कोलेस्ट्रॉल सेल्स को सुरक्षा देता है और रक्तवाहिनियों से वसा की परतों को हटाता है। इससे पक्षाघात और हृदयाघात होने की संभावना कम होती है। कई अध्ययनों से यह सामने आया है कि न केवल वाइन बल्कि बीयर और हार्ड लिकर भी फायदा पहुंचा सकते हैं अगर उन्हें सही मात्रा में लिया जाए। विशेषज्ञों के अनुसार पुरुषों के लिए प्रतिदिन दो यूनिट और महिलाआें के लिए एक यूनिट उचित मात्रा है। एक यूनिट अर्थात एक गिलास वाइन, एक पैग हार्ड लिकर या बीयर एक पिंटापर अगर इससे अधिक मात्रा ली जाए तो इससे होने वाले सभी लाभ नुकसान में बदल जाते हैं।
अल्कोहल कोई दवाई नहीं है जिसे आपका डॉक्टर आपको लेने के लिए सलाह देगा। अगर आप ड्रिंक्स नहीं लेते तो इसके लाभ जानकर इसे लेना न शुरू करें। हां, अगर आप ड्रिंक्स लेते हैं तो आपको यह जानकारी अवश्य होनी चाहिए कि अल्कोहल की कितनी मात्रा आपको कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगी और आप इसका सेवन सीमित व सही मात्रा में करके अपने स्वास्थ्य को सुरक्षा दें।
अल्कोहल का अधिक सेवन आपकी कार्य कुशलता को कम करता है, थकावट देता है, आप अपने कार्य पर सही प्रकार से ध्यान नहीं दे पाते। यह आपके रक्तचाप को ब़ढाता है, आपके जिगर और पैनक्रियास को नुकसान पहुंचाता है, कई प्रकार के कैंसर की संभावना को ब़ढाता है, आपके हृदय को कमजोर बनाता है इसलिए इसके सेवन में सुरक्षा बरतना बहुत आवश्यक है।
अगर आप किसी पार्टी में जा रहे हैं तो इसके सेवन पर अवश्य नियंत्रण रखें, क्योंकि अधिकतर ऐसे माहौल में व्यक्ति अपनी सीमा भूल जाता है। इसलिए सबसे पहले तो अपनी सीमा का निर्धारण करें और उसे पार मत करिए। अगर आपका दोस्त आपको सीमा से अधिक ऑफर करे तो उन्हें साफ मना करना सीखें। पार्टी में भी यह सोच कर न पिएं कि सब पी रहे हैं, इसलिए आपको पीनी है, बल्कि आपकी इच्छा हो तो ही पिएं।
अगर आप पीते वक्त महसूस करते हैं कि आपको अधिक इच्छा नहीं हो रही तो भले ही आपका गिलास पूरा खत्म न हुआ हो, आप उसे उतना ही छ़ोड दें। हार्ड लिकर लेते वक्त पानी या सोडा अवश्य मिलाएं। इससे डीहाइड्रेशन से बचाव होगा, क्योंकि अल्कोहल मूत्रल होता है। रात को सोने से पूर्व दो गिलास पानी पीकर सोएं। इन सब बातों को ध्यान में रखकर आप पार्टी में भी इसके सेवन पर नियंत्रण रख सकेंगे।
सोनी
