काबुल में हमले में नौ भारतीयों की मौत
काबुल/नई दिल्ली। तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बार फिर से सिलसिलेवार रूप से दो होटलों में भारतीयों को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें सेना के मेजर रैंक के दो अधिकारियों सहित नौ भारतीयों की मौत हो गई। ११ स्थानीय लोग और अन्य देशों के नागरिक भी हमलों में मारे गये।
हमले में भारतीय सेना के पांच अधिकारी सहित कम से कम १० लोग घायल हो गये हैं तथा आठ अन्य लोगों की मौत भी हो गई है, जिसमें स्थानीय तथा अन्य देशों के नागरिक शामिल हैं। यह माना जा रहा है कि इस हमले को तीन हमलावरों ने अंजाम दिया, जिन्होंने खास तौर पर पार्क रेसीडेंस स्थित गेस्ट हाउस को निशाना बनाया। इसे भारतीय दूतावास ने अफगान में विकास काया] में लगे अपने कर्मचारियों के लिये किराये पर लिया था।
भारतीय दूतावास सूत्रों ने कहा कि मृत भारतीयों की पहचान सेना के मेडिकल कोर के मेजर डॉ लायश्रम ज्योतिन सिंह, सेना की शिक्षा कोर के मेजर दीपक यादव, इंजीनियर भोलाराम, तबला वादक नवाब खान, कंधार वाणिज्य दूतावास का कर्मचारी नीतिश छिब्बर, इंडोतिब्बत सीमा पुलिस के कांस्टेबल रोशन लाल के रूप में की गयी है। तीन अन्य की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। ज्योतिन सिंह अफगानिस्तान में इंदिरा गांधी अस्पताल में स्थानीय चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने आये थे, जबकि दीपक यादव यहां अफगान सैन्य अकादमी में अंग्रेजी प़ढाने आये थे।
पार्क रेजीडेंस पर हमले में मारा गया नवाब खान तीन सदस्यीय सांस्कृतिक दल का हिस्सा था। इस दल को भारतीय सांस्कृति संबंध परिषद ने अफगानिस्तान भेजा था। सूत्रों ने कहा कि भोला राम अफगान पावर ग्रिड निगम में परियोजना निदेशक थे और उज्बेकिस्तान से काबुल में बिजली लाने की एक ब़डी परियोजना पर वह काम कर रहे थे। परियोजना पूरी हो चुकी है। भोलाराम अपनी जिम्मेदारियों को प्रशिक्षित अफगान अधिकारियों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया में थे।
आईटीबीपी के कांस्टेबल रोशन लाल (३५) को हेरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में तैनात किया गया था। वह छुट्टी पर थे और उन्हें अपने घर लौटना था।
छिब्बर कंधार स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में सचिव थे। भारतीय राजदूत जयंत प्रसाद ने कहा कि आतंकियों का निशाना वे भारतीय थे, जो दोनों देशों के बीच साझेदारी के निर्माण के लिए अफगान नागरिकों की मदद कर रहे थे।
इधर, नयी दिल्ली में विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने बताया कि अफगान के सरकारी अधिकारियों द्वारा मुहैया करायी गयी प्राथमिक सूचना के मुताबिक नौ भारतीयों की जान चली गई है।
एक बयान में बताया गया, ‘कुछ भारतीय घायल भी हुए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश के खतरे के बाहर होने की खबर है।
