पाक में तालिबान के कब्जे से दो सिख मुक्त
पेशावर। उत्तरपश्चिम पाकिस्तान के अशांत कबाइली खैबर क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने तालिबान द्वारा अपहृत दो सिखों को मुक्त करा लिया है। इस आशय की जानकारी सैन्य प्रवक्ता ने आज दी। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले तालिबान आतंकवादियों ने इस समुदाय के दो लोगों का सिर कलम कर दिया था।
इंटर सर्विसेस पब्लिक रिलेशंस के प्रवक्ता ने बताया कि खुफिया सूत्रों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कबाइली क्षेत्र के औरकजई और खैबर की सीमा के बीच के सुदूर इलाके में अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान दो अपहृत सिखों सुरजीत सिंह और गुरविंदर सिंह को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान कई आतंकवादियों को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी। सुरजीत सिंह और गुरविंदर सिंह का एक अन्य सिख जसपाल सिंह के साथ करीब एक महीने पहले खैबर एजेंसी में अपहरण कर लिया गया था। जसपाल सिंह का सिर कलम शव गत २१ फरवरी को बरामद किया गया था। सूत्रों के मुताबिक एक अन्य सिख महपाल सिंह का शव औरकजई एजेंसी क्षेत्र में पाया गया था।
