पाक की अदालत में मुंबई हमलों की सुनवाई टली
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की एक अदालत में आज मुंबई हमलों की सुनवाई एक सप्ताह के लिए टाल दी गई। आज हुई सुनवाई के तहत एक जांचकर्ता के बयान दर्ज किए गए। सुनवाई लश्कर के ऑपरेशन प्रमुख जकीउर रहमान लखवी और छह अन्य संदिग्धों के खिलाफ चल रही है।
न्यायाधीश मलिक मुहम्मद अकरम अवान ने आज संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के इंस्पेक्टर निसार अहमद जादून के बयान दर्ज किए। सूत्रों ने बताया कि आज की सुनवाई के दौरान चार गवाहों के बयान दर्ज होने थे, लेकिन अदालत इंस्पेक्टर के बयान भी पूरी तरह नहीं दर्ज कर सकी। जादून मुंबई हमलों की जांच करने वाले दल में शामिल हैं। सूत्रों ने प्रेट्र को बताया कि सुनवाई के एक समय पर न्यायाधीश ने एफआईए के अधिकारी से कहा कि वह मामले से न भटकें और सिर्फ वही बताएं, जिसके वह वाकई में गवाह हैं।
आरोपियों में से कुछ के वकील शाहबाज राजपूत ने बताया ‘न्यायाधीश ने सुनवाई की अगली तारीख १३ मार्च निर्धारित की है।’ सुरक्षा कारणों से मामले की सुनवाई अदियाला जेल में ही हो रही है। सातों आरोपी लखवी, जरार शाह, अबू अलकामा, हमाद अमीन सादिक, शाहिद जमील रियाज, जमील अहमद और यूनुस अंजुम इसी जेल में कैद हैं। इस बीच, विदेश सचिव सलमान बशीर ने गृह मंत्री रहमान मलिक से मिलकर उन्हें मुंबई हमलों के संबंध में भारत द्वारा उपलब्ध कराया ताजा डोजियर सौंपा।
एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है कि यह डोजियर मलिक को गृह मंत्रालय द्वारा निरीक्षण किए जाने के लिए उपलब्ध कराया गया है। वक्तव्य में डोजियर के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई, लेकिन मीडिया की खबरों में कहा गया कि इसमें मुंबई हमलों के बारे में भारतीय जांचकर्ताआें द्वारा जुटाई गई अतिरिक्त जानकारी है।
