पाक समय बर्बादी के लिए वार्ता के खिलाफ ः कुरैशी
मुल्तान)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आज कहा कि यदि भारत के साथ बातचीत का कोई परिणाम नहीं निकलता है, तो वह वहां के विदेश मंत्री के साथ वार्ता कर समय बर्बाद नहीं करना चाहते हैं। कुरैशी ने यहां हवाई अड्डे पर प्रेस कांफ्रेंस में भारत के साथ बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि यदि बातचीत का कोई परिणाम निकलता है, तो वे खुदबखुद भारत जाएंगे, लेकिन वह फोटो खिंचवाने में समय बर्बाद नहीं करना चाहते हैं।
कुरैशी ने कहा कि भारत मध्यस्थता से इंकार कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री डॉमनमोहन सिंह की सऊदी अरब की यात्रा के बाद मुझे सऊदी अरब के प्रधानमंत्री ने तीन अप्रैल को वहां जाने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि यदि सऊदी अरब जैसा मित्र कोई भूमिका निभता है, तो पाकिस्तान बेझिझक इस दिशा में आगे ब़ढने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हम मुंबई हमलों की निंदा करते हैं, लेकिन साथ ही इस हमले के सिलसिले में गिरफ्तार कुछ लोगों के मीडिया ट्रायल की शुरुआत की भी आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनता आये दिन मुंबई जैसी घटनाआें को झेल रही है।
कुरैशी ने कहा कि वह अपनी आगामी अमेरिका यात्रा के दौरान लश्करएतैयबा के बारे में अमेरिकी चिंताआें को दूर करेंगे। अमेरिकी सांसदों ने एक दिन पहले ही ओबामा सरकार से कहा था कि वह लश्करएतैयबा पर कार्रवाई करने के लिये इस्लामाबाद पर और दबाव डाले। कुरैशी ने कहा कि वह अमेरिकी अधिकारियों की ओर से मांगे गये स्पष्टीकरणों का जवाब देने को तैयार हैं। कुरैशी ने कहा, ‘वहां कांग्रेस की एक समिति है, जिसने इस मुद्दे पर चर्चा की है और लोगों ने अपने विचार जाहिर किये हैं। वे ऐसा कर सकते हैं, आप किसी पर पाबंदी नहीं लगा सकते हैं, लेकिन मैं निकट भविष्य में अमेरिका की यात्रा पर जाऊंगा और मैं कांग्रेस के सदस्यों तथा सीनेटरों के साथ बात करूंगा। मैं उन्हें अपने विचार से अवगत कराऊंगा।’मध्य पूर्व और दक्षिण एशिया मामलों पर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की उपसमिति के अध्यक्ष गैरी एकरमैन ने कल पाकिस्तान आधारित आतंकवादी संगठन लश्करएतैयबा को ‘वहशी लोगों का समूह’ कहते हुए इसे कुचलने की जरूरत बताई थी।
