पाक में आतंकवादी हमलों में १३ की मौत
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के आज दो आतंकवादी हमलों में कम से कम १३ लोगों की जान चली गयी और कई अन्य घायल हो गए।
पश्चिमोत्तर भाग के अशांत खुर्रम कबायली इलाके में आज एक वाहन के बारूदी सुरंग की चपेट में आने से हुए विस्फोट में कम से कम १० लोग मारे गए तथा छह अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार वाहन में करीब २० लोग सवार थे। वे ईद का त्यौहार मनाने के लिये अपन घर जा रहे थे। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी हैं।
अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि ईद के पहले अफगानिस्तान से सटे इस इलाके में तालिबान आतंकवादियों ने हमले तेज कर दिए हैं।
एक अन्य आतंकवादी हमले में बलूचिस्तान के क्वेटा शहर में एक प्रांतीय मंत्री के घर के बाहर आज हुए शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम तीन लोग मारे गए तथा तीन अन्य घायल हो गए। माना जा रहा है कि यह बम बलूचिस्तान के वित्त मंत्री मीर आसिम कुर्द गिलू के आलीशान रेलवे हाउसिंग सोसाइटी स्थित मकान के बाहर ख़डे वाहन में रखा गया था। विस्फोट के वक्त मंत्री अपने घर में नहीं थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस वारदात में मंत्री का एक सुरक्षाकर्मी, ट्रैक्टरटैंकर चालक तथा एक अन्य कर्मचारी मारा गया। गिलू उस घटना की सूचना मिलने पर सचिवालय से वापस लौट आए लेकिन पुलिस ने उन्हें घर के अंदर जाने से रोक दिया। पुलिस मंत्री तथा उनके परिवार के सदस्यों को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी इस बात का पता नहीं लग सका है कि वाहन में बम कैसे लगाया गया। किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।
