नई दिल्ली। घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाने की खातिर सरकार ने खाद्य तेलों के निर्यात पर लगे प्रतिबंध की अवधि को 30 सितंबर 2010 तक बढ़ा दिया है। खाद्य तेलों के बढ़ते दामों पर अंकुश लगाने की खातिर इसके निर्यात पर पहले से ही मार्च, 2010 तक रोक लगी हुई है।
विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहाकि यह प्रतिबंध पांच किलोग्राम तक के ब्रांडेड उपभोक्ता पैक पर सितंबर 2010 तक लागू नहीं होंगे बशर्ते यह 10 हजार टन की सीमा को न लांघे। इसमें आगे कहा गया है कि प्रतिबंध की अवधि में किया गया यह विस्तार उन स्थितियों पर लागू नहीं होगा जिनमें पहले ढील दी गई है। पिछले वर्ष प्रतिबंध लगाए जाने से पहले भारत मुख्य रूप से मूंगफली और नारियल तेल का निर्यात किया करता था।
