मोहाली। टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों से सजी एयर इंडिया ब्लू ने चंदन मदान [114] की शतकीय पारी की बदौलत बीसीसीआई कारपोरेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। ब्लू ने दूसरे सेमीफाइनल में वीजेडी प्रणाली के आधार टाटा स्पोर्ट्स क्लब को पांच विकेट से शिकस्त दी। आठ सितंबर को बेंगलूर में होने वाले फाइनल में उसका सामना एयर इंडिया रेड से होगा।
एयर इंडिया ब्लू की पारी के वक्त पीसीए स्टेडियम की बिजली गुल होने की वजह से खेल लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा। जिस वजह से लक्ष्य को 45 ओवरों तक घटाकर 246 रन कर दिया गया। एयर इंडिया ब्लू ने 43.2 ओवर में पांच विकेट पर 247 रन बनाकर इसे हासिल कर लिया। चंदन मदान के अतिरिक्त लंबे समय से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे मुहम्मद कैफ [56] ने भी बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान दिया। मदान और कैफ के बीच दूसरे विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी हुई। मदान ने 130 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से शतकीय पारी खेली, जबकि कैफ ने 57 गेंदों में सात चौके जड़े। रमेश पवार ने दो विकेट लिए।
इससे पहले एयर इंडिया ब्लू ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। निशीथ शेट्टी [52], इशांक जग्गी [63] व अजित अगारकर [56] की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत टाटा स्पोर्ट्स ने एयर इंडिया ब्लू के समक्ष जीत के लिए 268 का लक्ष्य रखा। इशांक और निशीथ ने तीसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी कर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।
इशांक के आउट होने के बाद टाटा स्पोर्ट्स ने रमेश पवार [11] और रोहन गावस्कर [6] के विकेट भी जल्दी गंवा दिए। निचले क्रम में कप्तान अगारकर ने महज 36 गेंदों पर तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 56 रन बनाए।
