बिगबॉस का असली फायदा अमर उपाध्याय को
बिग बॉस की विजेता चाहे जूही परमार रही हों, पर इसका असली फायदा तो अमर उपाध्याय को ही हुआ है। माने? माने यह कि बिग बॉस में रहने के बाद उनके हाथ लंबे अरसे बाद एक फिल्म लगी है। खबर है कि उनके हाथ निर्देषक सौरभ काबरा की ‘कल्ब लोदी रोड’ नाम की फिल्म आ गयी है और केके मेनन के साथ वे फिल्म में सूर्या नाम के एक शार्पशूटर इंस्पेक्टर की भूमिका करेंगे।
फिल्म की कहानी दिल्ली में हुए मुन्ना बजरंग के एनकाउंटर की कहानी कहती है। अमर का मानना है कि इस फिल्म से वे एक बार फिर से अपनी नयी पारी शुरू कर रहे हैं। वे कहते हैं ‘मैंने फिल्मों के लिए टीवी छ़ोडा था, पर मेरी असली ज़डें आज भी टीवी पर ही है।’
शिवाजी के साथ जसवीर की वापसी
के पाली स्ट्रीट, रात होने को है, सीआईडी, घर की लक्ष्मी बेटियां और मायका जैसे धारावाहिकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री जसवीर कौर अब महाराज शिवाजी के साथ तलवारें भांजती नजर आएंगी। दरअसल कलर्स के लोकप्रिय ऐतिहासिक धारावाहिक वीर शिवाजी में शिवाजी की दोस्त रही, लेकिन अब उनके विरोध में गौहर खान बनकर वापसी करने वाली भूमिका में उनकी वापसी हो रही है।
अब उनकी भूमिका कहानी में इनायत खान बने चेतन हंसराज की रखैल गौहर की है, जो पूरी तरह नकारात्मक तो नहीं होगी, पर उसमें ग्रेशेड के आयाम शामिल होंगे। यानी सकारात्मक भूमिकाओं के बाद सीधे नकारात्मक वापसी? वे कहती हैं, ‘ऐसी बात नहीं। अभी नहीं कह सकती कि मेरी भूमिका किस करवट जाएगी।’
