इंदिरा के हत्यारों का महिमामंडन
मेलबर्न। भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्यारे सतवंत सिंह और बेअंत सिंह को न्यूजीलैंड के सबसे ब़डे गुरुद्वारे में ‘शहीद’ बताकर सराहा जा रहा है, जिसकी यहां भारतीय समुदाय के एक हिस्से ने क़डी भर्त्सना की है।
‘वीकेंड हेराल्ड’ के मुताबिक टकानिनि गुरुद्वारे की दीवारों पर सतवंत और बेअंत के अलावा हत्या की साजिश में शामिल केहर सिंह की तस्वीरें दीवार पर ‘शहीद भाई’ के शीर्षक के साथ लगाई गई हैं। दीवार पर उन अन्य लोगों की तस्वीरें लगी हैं, जो अपनी सिख आस्था के कारण मारे गए। अख़बार का कहना है कि उसने अपनी प़डताल में पाया कि न्यूजीलैंड के मनुकाउ स्थित गुरुद्वारे में इंदिरा गांधी के हत्यारों का शहीद के रूप में सम्मान किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर ३१ अक्टूबर, १९८४ को उनके अंगरक्षक सतवंत और बेअंत ने ३० से ज्यादा गोलियां चलाई थीं। अख़बार के मुताबिक इंदिरा गांधी के हत्यारों की गुरुद्वारे में तस्वीरों पर आकलैंड में सिख समुदाय विभाजित हो गया है और भारतीय समुदाय के लोगों में निराशा है, लेकिन कुछ लोग इस मामले पर खुलेआम अपनी बात कहने के इच्छुक हैं।
भारतीय उच्चायुक्त सुरीश मेहता के एक प्रवक्ता ने कहा कि वह इस मामले पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन कहा कि मामला ‘संवेदनशील’ है। न्यूजीलैंड भारतीय सेंट्रल एसोसिएशन के महासचिव वीर खार ने कहा कि संगठन दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध बनाने के लिए प्रयासरत है।
खार ने कहा, ‘कोई यदि किसी आतंकवादी का सम्मान करना चाहता है, तो यह उसकी व्यक्तिगत पसंद है, लेकिन उनकी तस्वीरें सार्वजनिक स्थान पर लगाने की हम एक समुदाय के रूप में क़डी भर्त्सना करते हैं।
