दिशानिर्देशों के उल्लंघन के आरोप में जडेजा पर एक साल का प्रतिबंध
मुंबई। राजस्थान रायल्स के हरफनमौला खिल़ाडी रविंदर जडेजा इंडियन प्रीमियर लीग के तीसरे सत्र में नहीं खेल पायेंगे, क्योंकि खिला़डयों के दिशानिर्देशों के उल्लंघन के आरोप में उन पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सौराष्ट्र के इस उदीयमान खिल़ाडी ने पहले सत्र की चैम्पियन टीम के साथ अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया है और वह दूसरी आईपीएल टीमों से अच्छी कीमत के लिए बातचीत कर रहे थे। जडेजा ने क्रिकेट बोर्ड प्रमुख शशांक मनोहर से बात करके मसला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी अपील खारिज करते हुए आईपीएल ने उन पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया।
आईपीएल ने एक बयान में कहा कि आईपीएल संचालन परिषद द्वारा सर्वसम्मति से लिए गये फैसले और बोर्ड अध्यक्ष के दिशानिर्देशों के मुताबिक भारतीय क्रिकेटर रविंदर जडेजा पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है। वह अगले एक साल तक आईपीएल की किसी टीम के लिए नहीं खेल सकेंगे।
इसमें कहा गया, ‘यह प्रतिबंध राजस्थान रायल्स के साथ अनुबंध का नवीनीकरण नहीं करने और दूसरी टीमों से बेहतर कीमत के लिए बातचीत की एवज में लगाया गया है। इससे आईपीएल खिला़डयों के लिए जारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन हुआ है।’ आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने खिला़डयों को चेताया कि किसी तरह की ब्लैकमेलिंग बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मोदी ने तल्ख लहजे में जारी बयान में कहा, ‘आईपीएल की संचालन परिषद द्वारा खिला़डयों के लिए जारी दिशानिर्देशों का पालन अनिवार्य है। किसी खिल़ाडी द्वारा किसी टीम, आईपीएल या बीसीसीआई को ब्लैकमेल करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जायेगी।’
