गुजरात में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
अहमदाबाद। पुणे में संदिग्ध आतंकवादी हमले के एक दिन बाद गुजरात के वालसाड जिले में आज पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद करके इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के वापी इलाके में दो अलगअलग मामलों में पुलिस ने २०० किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, ६०० डेटोनेटर और जिलेटिन की २०० छ़डें बरामद कीं। पहली घटना में वलसाड पुलिस के विशेष कार्यदल (एसओजी) ने वापसी औद्योगिक क्षेत्र की तरफ जा रहे बरजीस मिर्जा की कार को रोककर तलाशी ली और १०० किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक, ५०० डेटोनेटर तथा जिलेटिन की २०० छ़डें बरामद कीं।
दूसरी घटना में वापी नगर में आदित्य ब़िडला चौराहे के पास एक ऑटो रिक्शा की तलाशी लिए जाने पर उसमें से १०० किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और १०० डेटोनेटर बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऑटो रिक्शा चालक राजकिशोर गुप्ता और विस्फोटक खरीदने वाले व्यक्ति गणेश दादव को हिरासत में ले लिया गया है। तीनों लोगों पूछताछ में पता लगा कि वह विस्फोटक वापी नगर में किरन ककानी से खरीदा गया था।
पुलिस ने ककानी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों ने बताया कि मिर्जा वालसाड जिले में अवैध खनन में लिप्त है और उसने अपने व्यावसायिक मकसद से वे विस्फोटक खरीदे थे। दादव और गुप्ता भी मिर्जा के ही कारोबार से ज़ुडे थे और उन्होंने खनन स्थलों के लिए वे विस्फोटक खरीदे थे। तीनों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
