दिल्ली, इंदौर व कानपुर में रेड अलर्ट
नई दिल्ली। केन्द्र ने पुणे में शनिवार को हुए विस्फोट के मद्देनजर दिल्ली, इंदौर और कानपुर में रेड अलर्ट जारी करने के अलावा सभी राज्य सरकारों को सुरक्षा ब़ढाने की हिदायत दी है।
केंद्रीय गृहमंत्री पीचिदंबरम की अध्यक्षता में यहां हुई उच्च स्तरीय आपात बैठक में इस विस्फोट से पैदा स्थिति की समीक्षा की गई। सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई गई इस बैठक में गृह सचिव जीकेपिल्लई और खुफिया संगठनों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद चिदंबरम ने प्रधानमंत्री डॉमनमोहन सिंह के निवास सात रेस कोर्स रोड जाकर उन्हें देश में सुरक्षा की ताजा स्थिति से अवगत कराया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार बैठक में तीन शहरों दिल्ली, इंदौर और कानपुर में रेड अलर्ट जारी करने का फैसला किया गया। इसमें यह भी निर्णय किया गया कि सभी राज्य सरकारोंको सुरक्षा ब़ढाने की हिदायत दी जाए। सूत्रों ने बताया कि पुणे के कोरेगांव पार्क इलाके में हुए इस विस्फोट में आरडीएक्स और अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किए जाने के संकेत मिले हैं।
