बारातियों से भरी बस नदी में गिरी, २३ मरे
जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन के माधोग़ढ क्षेत्र में बारातियों से भरी एक बस आज त़डके नदी में गिर गयी, जिससे दूल्हे के पिता समेत २३ लोगों की मृत्यु हो गयी। पुलिस अधीक्षक प्रेम गौतम ने बताया कि २२ शव निकाले जा चुके हैं, जबकि एक की तलाश जारी है। इस हादसे में ४० को बचा लिया गया है।
इनमें कुछ को चोटें आयी हैं। गौतम के अनुसार बारात मध्य प्रदेश से जालौन के रूद्रपुरा गांव आ रही थी। इस दौरान महराजपुरा गांव के पास बस असंतुलित होकर पीपे के पुल से पहुंज नदी में गिर गयी। बारातियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गये। तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से २२ शव निकाल लिए हैं।
