पेट्रोलडीजल मूल्यवृद्धि वापस ले केंद्र
कोलकाता। संप्रग की सहयोगी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आज प्रधानमंत्री डॉमनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि वापस लेने की अपील करते हुये स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे पर कोई टकराव नहीं चाहती हैं।
बनर्जी, जो रेल मंत्री भी हैं, ने यहां संवाददाताआें से कहा कि मूल्य वृद्धि की स्थिति में आम जनता कठिनाइयों का सामना करती है। मैं बगैर किराया ब़ढाये मुश्किल परिस्थितियों में रेल चला रही हूं, इसलिये मैं प्रधानमंत्री और सोनियाजी से अपील करती हूं कि वह इस वृद्धि पर पुनर्विचार करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हम जनता के लिए हैं। आम आदमी को ध्यान में रखते हुये ही मैंने इस मुद्दे को उठाया है। इसमें टकराव का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार में भी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि हुई थी। बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों पर भी उपकर को कम करना चाहिये, क्योंकि राज्य में यह काफी अधिक है।
बनर्जी की यह प्रतिक्रिया ऐसे मौके पर आयी जब संप्रग के एक अन्य सहयोगी दल द्रमुक ने भी ईंधन कीमतों में वृद्धि को तत्काल वापस लिये जाने की मांग की है।
इससे पूर्व लोकसभा में तृणमूल के मुख्य सचेतक सुदीप बंधोपाध्याय ने कहा कि उनकी पार्टी पेट्रोलडीजल मूल्यवृद्धि को लेकर नाराज है और बजट पर बहस के समय सदन में इसे जाहिर करेगी।
पेट्रोलियम कीमतों पर भाजपा की ओर से लाये जाने वाले कटौती प्रस्ताव के समर्थन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमें स्थितियों को देखना होगा। हम उसी के अनुरूप कार्रवाई करेंगे।
तृणमूल कांग्रेस ने पहले कहा था कि पेट्रोल और डीजल के दाम ब़ढाये जाने के संदर्भ में उनकी पार्टी से परामर्श नहीं किया गया था।
